गोड्डा
डायन बिसाही के शक में गोड्डा में ट्रिपल मर्डर
एक ही परिवार के तीन लोगों की बेरहमी से हत्या,जांच में जुटी पुलिस

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा : झारखंड के गोड्डा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां डायन बिसाही के शक में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की निर्मम हत्या कर दी गई। यह सनसनीखेज वारदात देवदांड थाना क्षेत्र के डांगा टोला में हुई है। बताया जा रहा है कि अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से 50 वर्षीय दरबारी मुर्मू, उनकी 45 वर्षीय पत्नी मक्कू बास्की और उनके 12 वर्षीय बेटे जीतनारायण मुर्मू की हत्या कर दी। घटना की जानकारी सोमवार अहले सुबह ग्रामीणों को मिली, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया। गोड्डा के एसडीपीओ अशोक प्रियदर्शी, देवदांड थाना प्रभारी अमित मार्की और पौड़याहाट थाना प्रभारी महावीर पंडित पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास के लोगों से गहन पूछताछ की जा रही है। एसडीपीओ अशोक प्रियदर्शी के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला डायन बिसाही से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है।घटना की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष टीम का गठन किया गया है। वहीं, त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ जारी है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और आश्वासन दिया है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।




