बरेली
छह हजार करोड़ की परियोजनाओं का मुख्यमंत्री करेंगे लोकार्पण-शिलान्यास
बरेली में नाइट स्टे भी हो सकता है , तारीख तय नही

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्च के अंतिम सप्ताह में बरेली के प्रस्तावित दौरे पर जिला प्रशासन ने मुहर लगा दी है। मुख्यमंत्री के नाइट स्टे करने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। सीएम बीडीए, नगर विकास, लोनिवि, बिजली आदि विभागों की लगभग 6 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास करेंगे। इस मौके पर योगी जी एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री बरेली कब आएंगे, इसकी तारीख अभी निर्धारित नहीं हुई है। हालांकि चर्चा यह है कि चैत्र नवरात्र में मुख्यमंत्री गोरखपुर ज्यादा रहते हैं। पूजा-पाठ की वजह से बाहर के दौरे कम लगते हैं, इसलिए मार्च के आखिरी सप्ताह में ही आने की संभावना है। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री बरेली आएंगे लेकिन कब आएंगे, इसकी तारीख तय नहीं है। प्रशासन ने मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं। मुख्यमंत्री के बरेली में नाइट स्टे करने की भी संभावना है। वह करीब छह हजार करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास करेंगे। इसके साथ जनसभा होगी।



