जालौन

मारपीट में लहुलुहान हुए 51 वर्षीय ग्रामीण की इलाज के दौरान मौत

 चार दिन पहले हुए विवाद में सिर पर डंडे का वार बना जानलेवा, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
रामपुरा (जालौन)। थाना क्षेत्र के ऊमरी नगर में चार दिन पूर्व हुए विवाद में गंभीर रूप से घायल 51 वर्षीय व्यक्ति की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई, जिससे क्षेत्र में शोक के साथ आक्रोश का माहौल व्याप्त हो गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ऊमरी नगर निवासी रूपनारायण पुत्र डालचंद (उम्र लगभग 51 वर्ष) 13 मार्च शुक्रवार को एक लगुनोत्सव कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान मोहल्ले के पास शौचालय के निकट उनकी मुलाकात मुन्नेश एवं सुधीर उर्फ छोटू पुत्रगण सुरेंद्र कुमार से हो गई, जहां किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट होने लगी। आरोप है कि मारपीट के दौरान मुन्नेश ने रूपनारायण के सिर पर डंडे से जोरदार प्रहार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों द्वारा उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुरा ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला चिकित्सालय उरई रेफर कर दिया गया। वहां से भी स्थिति में सुधार न होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज झांसी भेजा गया और बाद में ग्वालियर स्थित माधव डिस्पेंसरी रेफर किया गया।
लगातार उपचार के बावजूद आज 17 मार्च सुबह करीब 2 बजे रूपनारायण ने दम तोड़ दिया। उनकी मृत्यु की खबर मिलते ही ऊमरी नगर में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक अपने पांच भाइयों में तीसरे नंबर पर थे और मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके पुत्र शिवराज, पुष्पेंद्र, छोटू एवं आलोक हैं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है और आरोपी पक्ष की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की जा रही है। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी माधौगढ़ अंबुज यादव ने बताया कि 13 मार्च को दो पक्षों के बीच मारपीट की घटना हुई थी, जिसमें रूपनारायण गंभीर रूप से घायल हुए थे। उस समय मामले में एनसीआर दर्ज की गई थी। अब उनकी मृत्यु के बाद पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा गंभीर धाराओं में दर्ज किया जा रहा है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं। रामपुरा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रजत कुमार सिंह ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button