कानपुर
भारत में दिल से जुड़ी बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं
ऐसे में समय पर डॉक्टर से सलाह और शुरुआती जांच बहुत महत्वपूर्ण होती है

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कानपुर : कानपुर व आसपास के जिलों में उन्नत हृदय उपचार की सुविधा को और मजबूत बनाने की दिशा में मैक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल,लखनऊ ने बुधवार को शहर में मासिक कार्डियोलॉजी ओपीडी सेवा शुरू करने की घोषणा की। यह ओपीडी सेवा कानपुर कार्डियोलॉजी सेंटर के सहयोग से शुरू की गई है। कार्डियक साइंसेज के क्षेत्र में 22 वर्षों का अनुभव रखने वाले डॉ. विशाल श्रीवास्तव अब हर महीने के पहले बुधवार को सुबह 10:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक स्वरूप नगर स्थित कानपुर कार्डियोलॉजी सेंटर में उपलब्ध रहेंगे। यहां वे मरीजों को प्राथमिक जांच,परामर्श और फॉलो-अप सेवाएं प्रदान करेंगे। इस पहल पर डॉ. विशाल श्रीवास्तव,डायरेक्टर एवं यूनिट हेड,कार्डियो थोरेसिक वैस्कुलर सर्जरी,मैक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल,लखनऊ ने कहा भारत में दिल से जुड़ी बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। ऐसे में समय पर डॉक्टर से सलाह और शुरुआती जांच बहुत महत्वपूर्ण होती है। कानपुर में इस ओपीडी सेवा की शुरुआत का उद्देश्य यह है कि कानपुर व आसपास के मरीजों को उन्नत कार्डियक विशेषज्ञता उनके शहर के पास ही मिल सके,ताकि उन्हें इलाज में देरी न हो। यहां मरीजों को पूरी तरह से जांच,परामर्श और रोकथाम के साथ-साथ उन्नत इलाज के विकल्पों के बारे में भी सटीक सलाह मिलेगी। डॉ. श्रीवास्तव ने आगे कहा कि अक्सर मरीज शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज करते हैं। इनमें सीने में दर्द या भारीपन,जबड़े,बाएं कंधे,हाथ,कोहनी या पीठ में दर्द,सांस फूलना,ठंडा पसीना आना,मितली,ज्यादा थकान,चक्कर आना या बेहोशी जैसे लक्षण शामिल हो सकते हैं। यह लक्षण हर व्यक्ति में अलग-अलग हो सकते हैं और मरीज बीमारी के अलग-अलग चरणों में डॉक्टर के पास पहुंचते हैं। अगर समय रहते जांच हो जाए तो दिल की कई बीमारियों का असरदार इलाज संभव है। कानपुर में इस विशेष ओपीडी सेवा की शुरुआत मैक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल,लखनऊ की उस प्रतिबद्धता को दर्शाती है,जिसके तहत अस्पताल आसपास के शहरों में रहने वाले मरीजों तक उन्नत हृदय उपचार पहुंचाने का प्रयास कर रहा है। इस पहल से विशेषज्ञ डॉक्टरों की सलाह,सही समय पर जांच और आगे के इलाज की सुविधा मरीजों को उनके घर के करीब ही मिल सकेगी। इस अवसर पर डॉ. विशाल श्रीवास्तव,डायरेक्टर एवं यूनिट हेड कार्डियो थोरेसिक वैस्कुलर सर्जरी,मैक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल लखनऊ तथा कानपुर कार्डियोलॉजी सेंटर के ओनर एवं कंसल्टेंट कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. मनीष गुप्ता मौजूद रहे।



