
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललितपुर। नवरात्र एवं ईद पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। इसी क्रम में गुरुवार को पुलिस अधीक्षक ने नगर क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक कर सुरक्षा व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मॉर्निंग वॉक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न धार्मिक स्थलों का भ्रमण कर वहां लगे लाउडस्पीकरों की ध्वनि स्तर की जांच की। उन्होंने संबंधित प्रबंधकों व जिम्मेदार लोगों से वार्ता कर स्पष्ट निर्देश दिए कि लाउडस्पीकर की आवाज मा. सर्वोच्च न्यायालय द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप ही रखी जाए। नियमों के उल्लंघन पर सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। इस दौरान उन्होंने आमजन, श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और सुरक्षा का भरोसा दिलाया। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता और मुस्तैदी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। इसी क्रम में जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। सभी धार्मिक स्थलों का निरीक्षण कर लाउडस्पीकरों की ध्वनि स्तर को निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने के निर्देश दिए गए। पुलिस द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों, पूजा स्थलों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जा रही है। साथ ही सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने और प्रमुख स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि सभी लोग पर्व को आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाएं, अफवाहों से दूर रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।