बरेली

कोलतार, कीमतों में उछाल से बरेली में 800 करोड़ के विकास कार्यों पर असर

निर्धारित शर्तों पर ही पूरा होगा अधिशासी अभियंता भगत सिंह 

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। पश्चिम एशिया में युद्ध की वजह से कोलतार की कीमतों में 40 हजार रुपये प्रति टन तक का उछाल आया है। फरवरी में जो कोलतार जीएसटी समेत 42,800 रुपये प्रति टन के भाव पर उपलब्ध था, अब उसके दाम लगभग दोगुने हो चुके हैं। मथुरा और पानीपत की रिफाइनरी से होने वाली आपूर्ति भी प्रभावित है। आने वाले दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो सकती है। अकेले बरेली जिले में ही विभिन्न विभागों के करीब 800 करोड़ के विकास कार्य प्रभावित होने की आशंका है।
इस अनपेक्षित महंगाई का सबसे ज्यादा खामियाजा उन ठेकेदारों को भुगतना पड़ रहा है, जिन्होंने पुराने रेट पर टेंडर लिए थे। अब महंगे दामों पर कोलतार खरीदना घाटे का सौदा साबित हो रहा है। ईरान और ओमान जैसे देशों से आयात बंद होने के कारण बाजार में इसकी भारी किल्लत पैदा हो गई है।
ठेकेदारों ने दिया अल्टीमेटम
वित्तीय वर्ष की समाप्ति करीब होने के कारण लोक निर्माण, एनएचएआई, नगर निगम, सेतु निगम और बीडीए जैसे विभागों के सड़क से जुड़े निर्माण कार्यों पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। ठेकेदार किसी तरह पुराने स्टॉक से आधा-अधूरा काम निपटाकर भुगतान पाने की जुगत में हैं, ताकि मार्च क्लोजिंग तक कुछ राहत मिल सके। हालांकि, ठेकेदारों ने अल्टीमेटम दिया है कि यदि कीमतें स्थिर नहीं हुईं और आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो एक अप्रैल से काम बाधित हो सकता है।
पीडब्लूडी के अधिशासी अभियंता भगत सिंह ने बताया कि जिस दर से टेंडर हुए हैं, ठेकेदारों को उसी पर काम करना होगा। जब नए टेंडर होंगे तो नई दरों का निर्धारण किया जाएगा। नगर निगम के एक्सईएन राजीव राठी ने कहा कि रिवाइज एस्टीमेट के लिए अभी कोई प्रार्थना पत्र नहीं आया है। जो पुराने ठेके हैं, उन्हें निर्धारित शर्तों पर ही पूरा कराया जाएगा।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button