गोड्डा
पथरगामा में आस्था का महापर्व छठ: खरना हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न
निर्जला व्रत के बाद व्रतियों ने किया खरना

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अब 36 घंटे के कठिन उपवास की शुरुआत
पथरगामा : लोक आस्था का महान पर्व छठ पथरगामा क्षेत्र में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। पर्व के दूसरे दिन सोमवार को ‘खरना’ की रस्म पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ हर्षोल्लासपूर्वक संपन्न हुई।इस अवसर पर व्रतियों ने पूरे दिन निर्जला उपवास रखने के बाद संध्या बेला में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। पूजा के लिए गुड़ और चावल से बनी खीर तथा रोटी का प्रसाद मिट्टी के चूल्हे पर पूरी शुद्धता के साथ तैयार किया गया। भगवान को भोग अर्पित करने के पश्चात प्रसाद परिवारजनों एवं आसपास के लोगों के बीच वितरित किया गया। खरना के मौके पर पूरे क्षेत्र में छठी मइया के भक्ति गीतों और जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा। घरों से लेकर छठ घाटों तक साफ-सफाई और आकर्षक सजावट देखने को मिली। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्थानीय प्रशासन द्वारा घाटों पर रोशनी, सुरक्षा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। अब व्रती 36 घंटे का कठोर निर्जला व्रत रखते हुए अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे, जबकि अगले दिन उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर इस पावन पर्व का समापन करेंगे। छठ पर्व आस्था, पवित्रता और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है, जो समाज में एकता, सद्भाव और भाईचारे का संदेश देता है।



