बागपत

दिल्ली बस स्टैंड पर टेंट संचालक की दुकान पर ताबड़तोड़ फायरिंग

पिता-पुत्र की मौत के बाद फूटा जनाक्रोश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बड़ौत। दिल्ली बस स्टैंड क्षेत्र में मंगलवार को हुई सनसनीखेज फायरिंग की घटना ने पूरे नगर को झकझोर कर रख दिया। रंजिश के चलते हुई इस वारदात में टेंट संचालक सोहनलाल और उनके पुत्र विकास की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक रोहित घायल हो गया। घटना के बाद नगर में आक्रोश फैल गया और परिजनों व स्थानीय लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर दिल्ली बस स्टैंड पर जाम लगा दिया।
जानकारी के अनुसार, सोहनलाल की टेंट की दुकान पर मुख्य आरोपी बताए जा रहे वरुण लुहारी अपने करीब आधा दर्जन साथियों के साथ पहुंचा। आरोप है कि वहां पहुंचते ही हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अचानक चली गोलियों से पूरे क्षेत्र में भगदड़ मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
फायरिंग में टेंट संचालक सोहनलाल गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनके पुत्र विकास और वहां मौजूद रोहित को भी गोलियां लगीं। तीनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने सोहनलाल को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल विकास को हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। रोहित का उपचार जारी है।
पिता और पुत्र की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में लोग पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।
घटना के विरोध में परिजनों और नगरवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने दिल्ली बस स्टैंड पर जाम लगाकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सूत्रों के अनुसार, घटना के दौरान मुख्य आरोपी वरुण लुहारी को भी गोली लगी है और उसका पुलिस निगरानी में उपचार चल रहा है। वहीं उसके अन्य साथी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
मौके पर पहुंचे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया और जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है तथा वारदात में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के कठघरे में खड़ा किया जाएगा।
दिनदहाड़े दुकान पर हुई इस खूनी वारदात और पिता-पुत्र की मौत ने पूरे बड़ौत नगर को गमगीन कर दिया है। अब पीड़ित परिवार और नगरवासियों को आरोपियों की गिरफ्तारी और न्याय मिलने का इंतजार है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button