नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कांधला। कस्बा एलम में गैस सिलेंडर की भारी किल्लत के चलते उपभोक्ताओं को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि ओटीपी मिलने के बाद भी उपभोक्ताओं को एक-एक दिन नहीं, बल्कि कई बार दो-दो दिन तक इंतजार करना पड़ रहा है।
मंगलवार को कस्बे की गैस एजेंसी पर सुबह से ही उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लग गईं। उपभोक्ता संदीप, नसीम सहित कई लोगों ने बताया कि बार-बार एजेंसी के चक्कर काटने के बावजूद समय पर सिलेंडर नहीं मिल रहा।
वहीं, कमर्शियल सिलेंडर की कमी के चलते होटल और फास्ट फूड दुकानदारों को भी भारी दिक्कत हो रही है। कई दुकानदारों ने मजबूरी में कोयले की भट्टी का सहारा लेना शुरू कर दिया है।
