कैराना

चार करोड़ की स्मैक के साथ शातिर तस्कर गिरफ्तार

अपाचे बाइक से गांव-गांव बेचता था नशा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन सवेरा” अभियान के तहत कैराना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब दो किलो 15 ग्राम स्मैक बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब चार करोड़ तीन लाख रुपये बताई जा रही है। तस्करी में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार सहारनपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक के निर्देशन में नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए“ऑपरेशन सवेरा – नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर” अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक शामली एन.पी. सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला तथा क्षेत्राधिकारी कैराना हेमंत कुमार के पर्यवेक्षण में कैराना थाना पुलिस ने कार्रवाई की। रविवार देर रात पुलिस ने बुच्चाखेड़ी से ऊंचागांव जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी कर अहसान पुत्र इकराम निवासी ग्राम तीतरवाड़ा को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 02 किलो 15 ग्राम अवैध स्मैक, एक बिना नंबर प्लेट की टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल और सैमसंग कंपनी का मोबाइल फोन बरामद हुआ।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 8/21/29 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह सहारनपुर जनपद के थाना नकुड़ क्षेत्र के ग्राम घाटमपुर निवासी सारिक से स्मैक खरीदकर लाता था और फिर गांवों व मोहल्लों में पुड़िया बनाकर बेच देता था, जिससे उसे अच्छा मुनाफा होता था। पुलिस अब इस नेटवर्क के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगालने में जुटी है। पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी लंबा है और उसके खिलाफ एनडीपीएस समेत कई मामलों में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। शामली पुलिस ने जनपदवासियों से अपील की है कि नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सहयोग करें, ताकि जिले को नशामुक्त बनाया जा सके।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button