मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार 2025, शहरकोल व शहरग्राम पंचायत में राज्य दल का भ्रमण, परिसंपत्तियों का वितरण
Chief Minister Panchayat Incentive Award 2025, State team visits Shaharkol and Shahargram Panchayats, distribution of assets

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार 2025 के अंतर्गत नामित सदर प्रखंड के ग्राम पंचायत शहरकोल एवं महेशपुर प्रखंड के ग्राम पंचायत शहरग्राम में राज्य स्तरीय टीम द्वारा भ्रमण, संवाद सह परिसंपत्ति वितरण कार्यक्रम एवं ग्राम सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन सहित जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारियों तथा पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। राज्य दल ने पंचायत क्षेत्रों में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की और ग्रामीणों से संवाद कर योजनाओं के प्रभाव का फीडबैक लिया। इस दौरान पंचायतों द्वारा किए जा रहे नवाचार, इको-फ्रेंडली गतिविधियां एवं जागरूकता प्रयासों की सराहना की गई। टीम ने पंचायत सचिवालय का निरीक्षण करते हुए विभिन्न व्यवस्थाओं—हेल्प डेस्क, ज्ञान केंद्र, मातृ-शिशु कक्ष, जन औषधि केंद्र, स्वच्छता एवं पेयजल सुविधाओं—का जायजा लिया और इसे अन्य पंचायतों के लिए प्रेरणादायक बताया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), मनरेगा, सावित्रीबाई फुले समृद्धि योजना सहित विभिन्न योजनाओं के तहत लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण किया गया। साथ ही किशोरी बालिकाओं को स्वच्छता किट, जरूरतमंदों को धोती-साड़ी, मच्छरदानी एवं अन्य सामग्री प्रदान की गई तथा सखी मंडलों को सशक्त बनाने के लिए सीएलएफ राशि भी दी गई। राज्य टीम के अधिकारियों ने पंचायतों के कार्यों की सराहना करते हुए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, आपसी समन्वय एवं जनभागीदारी पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि सरकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक सरल और प्रभावी तरीके से पहुंचाई जाए ताकि अधिक से अधिक लोग लाभान्वित हो सकें। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के स्टॉल भी लगाए गए, जहां शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा एवं अन्य योजनाओं की जानकारी दी गई।



