जालौन
खबर का असर: शाहगंज में बीच मार्ग से हटाकर साइड में बनाया जा रहा वाटर कूलर
एसडीएम के संज्ञान के बाद बदली साइट, नगर पालिका ने शुरू कराया नलकूप आधारित निर्माण

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
जालौन। नगर के वार्ड नंबर 09 स्थित मोहल्ला शाहगंज में वाटर कूलर स्थापना को लेकर चल रहे विवाद पर प्रशासन ने संज्ञान लेते हुए समाधान की दिशा में कदम बढ़ाया है। काले बाबा स्थल के पास बीच मार्ग में वाटर कूलर लगाए जाने का स्थानीय लोगों द्वारा विरोध किए जाने के बाद उपजिलाधिकारी हेमंत पटेल ने मामले की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए।
ज्ञात हो कि नगर पालिका द्वारा भीषण गर्मी को देखते हुए आमजन को ठंडा पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वाटर कूलर लगाया जा रहा था, लेकिन इसे मुख्य मार्ग के बीच में स्थापित किए जाने से आवागमन बाधित होने और दुर्घटना की आशंका जताई जा रही थी। इसको लेकर सभासद व स्थानीय नागरिकों ने प्रार्थना पत्र सौंपकर हस्तक्षेप की मांग की थी।
प्रशासन के निर्देश के बाद अब वाटर कूलर को मार्ग से हटाकर साइड में सुरक्षित स्थान पर स्थापित किया जा रहा है। नगर पालिका द्वारा नलकूप आधारित वाटर कूलर का निर्माण कार्य जारी है, जिससे लोगों को गर्मी में राहत मिल सके।
इस निर्णय से जहां एक ओर जनसुविधा का कार्य जारी रहेगा, वहीं दूसरी ओर मार्ग भी बाधित नहीं होगा। स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस कार्रवाई पर संतोष व्यक्त किया है।


