ललितपुर

उर्स बना परमार्थ का मंच

19 श्रद्धालुओं ने लिया अंगदान का संकल्प

मेडिकल प्रशासन की उदासीनता पर उठे सवाल
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
ललितपुर। सूफी संत हजरत बाबा सदन शाह की दरगाह पर आयोजित अजीमुस्शान उर्स के दौरान शान्ति देहदान चैरिटेबल ट्रस्ट ने मानव सेवा का अनोखा उदाहरण पेश करते हुए मेले को परमार्थ के मंच में बदल दिया। 31 मार्च से 4 अप्रैल 2026 तक चले पांच दिवसीय जन-जागरूकता शिविर में ट्रस्ट ने देहदान, अंगदान और रक्तदान का संदेश हजारों श्रद्धालुओं तक पहुंचाया। शिविर के दौरान 19 लोगों ने राष्ट्रीय अंग एवं ऊतक प्रत्यारोपण संगठन के माध्यम से ऑनलाइन अंगदान का संकल्प लिया, जो इस आयोजन की बड़ी उपलब्धि रही।
अधिकारियों ने किया उद्घाटन, सराहा प्रयास
जन-जागरूकता शिविर का उद्घाटन एसडीएम सदर मनीष कुमार, सीओ सदर सुनील कुमार और सीओ ट्रैफिक ने फीता काटकर किया। जिलाधिकारी सत्यप्रकाश, पुलिस अधीक्षक मो. मुस्ताक व उर्स कमेटी के पदाधिकारियों ने शिविर का दौरा कर ट्रस्ट की गतिविधियों की सराहना की और हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
परमार्थ का संदेश बना आकर्षण का केन्द्र
ट्रस्ट के संस्थापक खुशाल चन्द्र साहू की पहल पर आयोजित इस शिविर ने जिंदगी के साथ भी, जिंदगी के बाद भी का संदेश दिया। ट्रस्ट कोषाध्यक्ष सुषमा साध के अनुसार एक देहदान अंगदान न सिर्फ कई जिंदगियां बचा सकता है, बल्कि चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान को भी नई दिशा देता है। पिछले वर्ष ट्रस्ट द्वारा दो सफल देहदान कराकर स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय ललितपुर के मेडिकल छात्रों को चिकित्सा शिक्षा हेतु लाभ पहुंचाया गया था।
मेडिकल प्रशासन की अनुपस्थिति पर उठे सवाल
हालांकि यह शिविर राज्य अंग एवं ऊतक प्रत्यारोपण संगठन, लखनऊ के निर्देशन और स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय ललितपुर के तत्वावधान में आयोजित था, लेकिन पांच दिनों तक मेडिकल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की अनुपस्थिति चर्चा का विषय बनी रही। समाजसेवियों और जागरूक नागरिकों ने इस पर नाराजगी जताते हुए सवाल उठाए कि ऐसे महत्वपूर्ण जन-जागरूकता कार्यक्रम को अपेक्षित सहयोग क्यों नहीं मिला। चूंकि मेडिकल कॉलेज प्रशासन का  ऐसा रवैया दूसरी बार सामने आया जब अतिमहत्वपूर्ण कार्यक्रम को दरकिनार किया, इससे पहले 28 दिसम्बर 25 को बांसी में आयोजित शतक संकल्प उत्सव एवं देहदान अंगदान कार्यशाला को भी मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने नजरंदाज किया था जिस पर समाजसेवियों ने तीखी टिप्पणी की थी।
अंग प्रत्यारोपण यूनिट के लिए पहल तेज
राज्य अंग एवं ऊतक प्रत्यारोपण संगठन (सॉट्टो) के संयुक्त निदेशक डा.राजेश हर्षवर्धन से ट्रस्ट संस्थापक की मुलाकात के बाद ललितपुर मेडिकल कॉलेज में अंग निष्कासन/ट्रांसपोर्टेशन यूनिट स्थापित करने की दिशा में पहल तेज हुई है। इसके लिए फार्म-13 (मेडिकल कॉलेज में उपलब्ध संसाधनों का ब्योरा) की औपचारिकताएं पूर्ण कराने हेतु जिलाधिकारी को पत्र भी सौंपा गया है।
इनका रहा विशेष योगदान
इस आयोजन को सफल बनाने में ट्रस्ट अध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह बुंदेला, महामंत्री राजपाल फौजी, कोषाध्यक्ष सुषमा साध, ट्रस्टी धनंजय यादव (जिला पंचायत सदस्य), उपाध्यक्ष अनिल साहू, महेश कुशवाहा, परवेज पठान, मंत्री रामस्वरूप पटेल, संरक्षक हरीश कपूर ‘टीटूÓ, वंदना प्रमोद मेहता, आदर्श साध, आशीष साहू, बालकृष्ण पाल, चंद्रप्रभा वर्मा, लाखन सिंह पटेल, पहाड़ सिंह गदयाना, कीरत सिंह बाबा, रंजीत सिंह यादव, सब्बीर मंसूरी, मलखान सिंह, विशाल सिंह, मीडिया संयोजक अमित लखेरा व प्रभारी देवेन्द्र साहू सहित अन्य कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा।
समापन में
यह आयोजन न सिर्फ धार्मिक आस्था का केंद्र बना, बल्कि हिंदू-मुस्लिम एकता और मानव सेवा का संदेश भी दे गया। शान्ति देहदान चैरिटेबल ट्रस्ट का यह प्रयास समाज के लिए प्रेरणादायक साबित हुआ।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button