
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : लोनी क्षेत्र में पुलिस व्यवस्थाओं को आधुनिक और सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। अंकुर विहार थाने के अंतर्गत आने वाली खन्ना नगर पुलिस चौकी का पूरी तरह जीर्णोद्धार कर उसे हाईटेक और सुसज्जित रूप दिया गया है। सोमवार को डीएसपी सुरेंद्र कुमार तिवारी ने फीता काटकर चौकी का विधिवत लोकार्पण किया और व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर पुलिस स्टाफ के कार्यों की सराहना की।कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों और पीड़ितों ने पुलिस अधिकारियों से मिलकर अपनी समस्याएं भी रखीं, जिनके समाधान का उन्हे आश्वासन दिया गया। चौकी के पुनर्निर्माण में आधुनिक सुविधाओं को विशेष प्राथमिकता दी गई है। पिछले कई महीनों से चल रहे इस कायाकल्प कार्य के तहत भवन का रंग-रोगन, डिजिटल सुविधाओं का समावेश, पुलिस कर्मियों के लिए आवास, किचन, पार्किंग, फुलवारी और सुरक्षा के लिए बाउंड्री वाल जैसी व्यवस्थाएं विकसित की गई हैं।प्रदेश सरकार की पुलिस थानों और चौकियों को हाईटेक बनाने की मुहिम के अंतर्गत खन्ना नगर चौकी का यह रूपांतरण एक अहम उपलब्धि माना जा रहा है। इससे पहले लोनी कोतवाली को भी आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा चुका है, और अब खन्ना नगर चौकी का नाम भी इस सूची में जुड़ गया है।लोकार्पण के अवसर पर एसीपी अंकुर विहार ज्ञान प्रकाश राय, एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम, थाना प्रभारी निरीक्षक, विभिन्न चौकियों पर तैनात उपनिरीक्षक, पुलिस कर्मी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर इस उपलब्धि की खुशी जाहिर की।समारोह के अंत में सभी उपस्थित लोगों के लिए भोज प्रसाद की भी व्यवस्था की गई, जिससे कार्यक्रम का माहौल उत्सव जैसा हो गया। खन्ना नगर पुलिस चौकी का यह नया स्वरूप क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने में सहायक साबित होगा।


