
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
ललितपुर। जनपद में अवैध खनन, ओवरलोडिंग एवं यातायात नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध पुलिस द्वारा सघन चैकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक मो. मुश्ताक के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी यातायात राजेश कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में यातायात पुलिस ने विभिन्न प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर कार्रवाई की। अभियान के दौरान संदिग्ध एवं ओवरलोड वाहनों की गहन जांच की गई। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर तीन ओवरलोड डंपरों (ट्रकों) को सीज किया गया तथा कुल 1 लाख 65 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। साथ ही मोटर वाहन अधिनियम के तहत अन्य उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की गई। चैकिंग के दौरान वाहन चालकों को निर्धारित भार क्षमता के अनुसार ही माल परिवहन करने और वैध प्रपत्रों के साथ वाहन संचालन के निर्देश दिए गए। साथ ही यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया गया तथा अवैध खनन व ओवरलोडिंग से होने वाली दुर्घटनाओं और राजस्व हानि के बारे में जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।



