कैराना

विवाहिता को ससुराल पक्ष ने घर में घुसकर लाठी-डंडों व ईंटों से पीटा, रिपोर्ट दर्ज

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
कैराना। कोतवाली क्षेत्र के गांव तित्तरवाड़ा में विवाहिता पर उसके ही ससुराल पक्ष द्वारा घर में घुसकर किए गए जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल महिला को पहले कैराना सीएचसी और बाद में हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल शामली रेफर किया गया। पीड़ित पक्ष ने पुलिस को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
गांव जहानपुरा निवासी असजद पुत्र यूनुस ने कोतवाली कैराना में दी तहरीर में बताया कि उसकी सगी बहन हारुना पत्नी कुरबान गांव तित्तरवाड़ा में अपने घर पर बच्चों के साथ थी। 14 अप्रैल की रात करीब नौ बजे उसका जीजा कुरबान पुत्र जफरू, आरिफ पुत्र जफरू और गुलिस्ता उर्फ गुल्लो पत्नी आरिफ, लाठी-डंडों से लैस होकर जबरन घर में घुस आए। आरोप है कि तीनों ने आते ही हारुना के साथ गाली-गलौच शुरू कर दी और जान से मारने की नीयत से उस पर हमला बोल दिया। लाठी-डंडों के साथ ही घर में पड़ी ईंटों से ताबड़तोड़ वार किए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गई। हमलावरों ने घटना के दौरान जान से मारने की धमकी भी दी। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह बीच-बचाव कर उसे बचाया। सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी फरार हो चुके थे। पुलिस ने घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कैराना में भर्ती कराया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल शामली रेफर कर दिया गया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आरोपी शिकायत करने पर दोबारा जान से मारने की धमकी देकर गए हैं, जिससे परिवार में दहशत का माहौल है। कोतवाली पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button