पाकुड़ कांग्रेस कार्यालय में प्रदेश महासचिव तनवीर आलम का दौरा, कार्यकर्ताओं और आमजन से की मुलाकात
State General Secretary Tanveer Alam visits Pakur Congress office, meets workers and common people

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। झारखंड प्रदेश कांग्रेस के महासचिव तनवीर आलम ने अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत पाकुड़ कांग्रेस कार्यालय पहुंचकर विधानसभा क्षेत्र के आमजन एवं पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याओं और आवश्यकताओं को बारीकी से समझने का प्रयास किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे। तनवीर आलम ने सभी को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनके द्वारा दिए गए आवेदनों के प्रत्येक बिंदु पर गंभीरता से विचार करते हुए निष्पादन की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी और समस्याओं का यथाशीघ्र समाधान किया जायेगा। मीडिया से बातचीत में उन्होंने पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर कहा कि कांग्रेस 294 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे हैं और पार्टी को बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्र में बिजली समस्या को लेकर कहा कि यह समस्या अगले दो-चार दिनों में दूर कर दी जाएगी। स्वास्थ्य सेवाओं पर बोलते हुए उन्होंने बताया कि ठाकुर अस्पताल में पहले की तुलना में बेहतर व्यवस्था स्थापित की गई है और संसाधनों की आपूर्ति भी बढ़ाई गई है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी प्रकार की कमी है तो वे जल्द ही स्वास्थ्य मंत्री एवं सीएम हेमन्त सोरेन से मिलकर उसे पूरा करने का प्रयास करेंगे, ताकि क्षेत्र में और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। मौके जिलाध्यक्ष श्रीकुमार सरकार, कोषाध्यक्ष असद हुसैन, विधायक प्रतिनिधि गुलाम अहमद, प्रखण्ड अध्यक्ष मानसारुल हक, सेमीनुल इस्लाम, रामबिलास महतो, शाहीन परवेज, बेलाल शेख, मुखिया आरीफ हुसैन अन्य उपस्थित थे।



