कैराना

समाधान दिवस में 37 शिकायतें, सिर्फ 3 का मौके पर निस्तारण

डीएम सख्त, बोले ‘धरातल पर दिखे असर’

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।

कैराना। तहसील सभागार में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में शिकायतों के निस्तारण की धीमी रफ्तार पर जिलाधिकारी शामली अरविंद कुमार सिंह ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने दो टूक कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी औपचारिकता न बनकर वास्तविक रूप में धरातल पर दिखाई देना चाहिए। यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से जुड़ी कुल 37 शिकायतें जिलाधिकारी अरविंद कुमार सिंह व पुलिस अधीक्षक शामली नरेन्द्र प्रताप सिंह के समक्ष प्रस्तुत की गईं, लेकिन इनमें से महज 3 शिकायतों का ही मौके पर समाधान हो सका। शेष 34 शिकायतों को संबंधित विभागों को जांच एवं निस्तारण के लिए भेज दिया गया। इस स्थिति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जाहिर करते हुए अधिकारियों को चेताया कि शिकायतों के त्वरित और प्रभावी निस्तारण में किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि आम जनता अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर समाधान दिवस में पहुंचती है, ऐसे में अधिकारियों की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। प्रत्येक शिकायत का निस्तारण पारदर्शी, निष्पक्ष और गुणवत्ता पूर्ण ढंग से किया जाए, ताकि पीड़ित को न्याय मिल सके और उसे बार-बार दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जिन शिकायतों का मौके पर निस्तारण संभव नहीं हो पाया है, उन पर संबंधित अधिकारी निर्धारित समय सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करें और प्रगति की नियमित समीक्षा भी करें। साथ ही, उन्होंने अधिकारियों को मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति का निरीक्षण करने और शिकायतकर्ता से संवाद स्थापित कर समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि समाधान दिवस केवल औपचारिकता नहीं है, बल्कि यह शासन की मंशा के अनुरूप जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसे में सभी अधिकारी इसे गंभीरता से लें और अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी ईमानदारी और जवाबदेही के साथ करें। वहीं पुलिस अधीक्षक शामली नरेन्द्र प्रताप सिंह से पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए अधीनस्थ पुलिस अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का धरातलीय निस्तारण करने के निर्देश दिए।  इस दौरान एसडीएम कैराना निधि भारद्वाज, तहसीलदार अर्जुन सिंह, नायाब तहसीलदार सतीश यादव, जिला कृषि अधिकारी प्रदीप यादव,   जिला पूर्ति निरीक्षक अंकुर यादव, पूर्ति निरीक्षक कैराना मदनपाल सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button