नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। थाना क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कांधला पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर सख्ती का संदेश गया है।
पहले मामले में पुलिस ने संदिग्ध व्यक्ति/वाहन चेकिंग अभियान के दौरान गढ़ीश्याम निवासी अभिषेक पुत्र यशपाल को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध छुरा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस गिरफ्तारी में उपनिरीक्षक विक्रम सिंह, हेड कांस्टेबल अंकित भड़ाना और कांस्टेबल आशुतोष की अहम भूमिका रही।
वहीं दूसरे मामले में नाबालिग से छेड़छाड़ की घटना में वांछित आरोपी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनुसार रसूलपुर गुजरान निवासी रामपाल पुत्र मेघराज ने 21 अप्रैल को एक नाबालिग लड़की के साथ अश्लील हरकत की थी। पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर थाना कांधला में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे महिला अपराधों के खिलाफ अभियान के तहत कांधला पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी रामपाल को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 75(2) व पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में अपराध और अपराधियों के खिलाफ इसी तरह सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा।


