खैरथल
ग्राम पंचायत रभाना में रात्रि चौपाल, जिला कलेक्टर ने सुनी स्थानीय समस्याएं

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल-तिजारा। उपखंड टपूकड़ा की ग्राम पंचायत रभाना में जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश की अध्यक्षता में गुरुवार को रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता से सुनते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
जिला कलेक्टर ने मौके पर शुद्धिकरण से संबंधित प्रकरण पर संज्ञान लेते हुए तहसीलदार को आवश्यक निर्देश प्रदान किए, जिसके फलस्वरूप परिवादी के प्रकरण का तत्काल निस्तारण किया गया। साथ ही अन्य 10 म्यूटेशन प्रकरणों में मौके पर रिपोर्ट जारी कि गई तथा उन्हें त्वरित गति से निपटाने के निर्देश दिए गए। चौपाल के दौरान लघु सीमांत किसान का प्रमाण पत्र भी मौके पर ही जारी किया गया तथा विरासत संबंधी प्रकरण का भी त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया गया।
रात्रि चौपाल के दौरान शुद्धिकरण, शमशान की भूमि रास्ता अतिक्रमण, गांव के रास्ते का अतिक्रमण, शमशान भूमि का म्यूटेशन, विरासत, लघु सीमांत प्रमाण पत्र, जल भराव, बिजली, पानी सहित विभिन्न विषयों से जुड़े कुल 55 परिवाद प्राप्त हुए। जिला कलेक्टर ने मौके पर ही अधिकारियों को प्रकरणों के समाधान के लिए शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकरण को अनावश्यक लंबित न रखा जाए और शीघ्र ही समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही परिवादियों से व्यक्तिगत संपर्क बनाकर निस्तारण प्रक्रिया को प्रभावी बनाने और औसत निपटान समय में सुधार लाने के निर्देश भी दिए।
रात्रि चौपाल में अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट, उपखंड अधिकारी लाखन सिंह गुर्जर, उप अधीक्षक तिजारा शिवराज, तहसीलदार शैतान सिंह यादव, जनप्रतिनिधिगण, ग्रामीणजन तथा विभिन्न विभागों के जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।



