मथुरा
सुनवाई न होने से पीड़ित परिवार आत्मदाह करने एसएसपी कार्यालय पहुंचा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। बरसाना थाने में सुनवाई नहीं होने पर पीड़ित अपने परिवार के साथ एसएसपी कार्यालय पर आत्मदाह करने पहुंच गए। पुलिस को सूचना मिली कि वह पेट्रोल की बोतल लिए हुए हैं। इसी कारण पुलिस ने उन्हें कार्यालय में दाखिल होते ही पकड़ लिया। पीड़ित की समस्या सुनी और समाधान का आश्वासन दिया। बरसाना के गांव पिसावा निवासी रमेश ने बताया कि 18 अप्रैल को वह अपनी बेटी सुधा, भानवती, राजवती, गीता और भतीजों के साथ काम कर रहे थे तभी गांव के कन्हैया, रघुवर और गिरधारी समेत करीब 12-13 लोग हाथों में लाठी-डंडे और लोहे की सरिया लेकर आए और उनके पूरे परिवार पर हमला कर दिया। मारपीट में परिवार के कई लोग घायल हो गए थे। उनकी तहरीर पर बरसाना पुलिस ने 11 आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की, लेकिन दो ही आरोपियों को पुलिस पकड़ सकी है। उनका आरोप है कि पुलिस अन्य आरोपियों को पकड़ने की बजाय उल्टा उन्हीं पर समझौते का दबाव बना रही है। इसी से परेशान होकर वह बृहस्पतिवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचे। उनके थैले में पेट्रोल से भरी बोतल भी बताई जा रही थी। पुलिस को इसकी भनक लग गई। इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। आत्मदाह की आशंका पर सुरक्षाकर्मियों ने अग्निशमन की गाड़ी भी बुला ली। हालांकि पुलिस इससे इनकार कर रही है। एसपी ग्रामीण सुरेशचंद्र रावत ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसी आधार पर कार्रवाई की जाएगी।



