शामली

9वें राष्ट्रीय पोषण माह का हुआ शुभारंभ, निकाली पोषण रैली

“हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” अभियान में पोषण के साथ शाला पूर्व शिक्षा पर जोर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

शामली। 9वें राष्ट्रीय पोषण माह “हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” का बुधवार को शुभारंभ हुआ। वाराणसी के रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा किए गए शुभारंभ कार्यक्रम का लाइव प्रसारण कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी में अधिकारियों एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने देखा और सुना।

लाइव प्रसारण के बाद जिलाधिकारी आलोक यादव ने हरी झंडी दिखाकर पोषण रैली को रवाना किया। इसके बाद फीता काटकर कार्यक्रम का उद्घाटन किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं, इसलिए उनके पोषण, स्वास्थ्य और शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाना आवश्यक है। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों से बच्चों के पोषण के साथ उनकी शाला पूर्व शिक्षा पर भी विशेष ध्यान देने का आह्वान किया।

उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को फास्ट फूड से दूर रखने तथा हरी सब्जियों और मौसमी फलों को भोजन में शामिल करने की अपील की। कहा कि स्वस्थ बच्चे ही स्वस्थ भारत की नींव मजबूत करेंगे।

जिलाधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय पोषण माह 9 सितंबर से 8 अक्टूबर 2026 तक मनाया जाएगा। इस दौरान आहार विविधता एवं पर्याप्त प्रोटीन, आंगनबाड़ी केंद्रों पर ताजा गर्म भोजन, सामुदायिक सहभागिता, प्रारंभिक बाल विकास एवं शिक्षा, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मोटापा नियंत्रण, संतुलित आहार, “पोषण भी, पढ़ाई भी”, “एक पेड़ मां के नाम”, शिशु एवं छोटे बच्चों के पोषण तथा पुरुष सहभागिता सहित विभिन्न विषयों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। जिला कार्यक्रम अधिकारी यामिनी रंजन और मुख्य विकास अधिकारी बृजेन्द्र शुक्ल ने भी कुपोषण की रोकथाम और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति लोगों को जागरूक किया।

इस मौके पर बाल विकास परियोजना अधिकारी बाबर खान, अर्चना सिंह, ममता देवी, मुख्य सेविकाएं, जिला समन्वयक संजीव कुमार सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां मौजूद रहीं। जिलाधिकारी ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को पोषण एवं शाला पूर्व शिक्षा से जुड़े कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button