खैरथल

डी-मार्ट भिवाड़ी में एयर स्ट्राइक पर मॉक ड्रिल का हुआ सफल आयोजन

घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, आपात स्थिति में राहत, बचाव व सुरक्षा व्यवस्था के उपायों को परखा गया

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल-तिजारा। डी-मार्ट भिवाड़ी में शुक्रवार को आपातकालीन मॉक ड्रिल का अभ्यास शाम 6.30 बजे किया गया। मॉकड्रिल के तहत एयर स्ट्राइक की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस, सिविल डिफेंस,चिकित्सा, अग्निशमन व अन्य संबंधित विभागों की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। प्रशासन व पुलिस द्वारा आपात स्थिति से निपटने के लिए विभिन्न विभागों की प्रतिक्रिया और समन्वय की जांच की गई।
सायरन की आवाज एवं कंट्रोल रूम में सूचना मिलने के साथ ही पुलिस, प्रशासन की गाड़ियां, एम्बूलेंस व फायर ब्रिगेड घटना स्थल की तरफ दौड़ पड़े। सायरनों की आवाज सुनकर हर कोई बचाव की मुद्रा में आ गया एवं डी मार्ट में आग लगने के बाद घायलों एवं प्रभावितों को बचाने के लिए जिला प्रशासन के सभी संबंधित विभाग सक्रिय हो गये।
यह मॉकड्रिल डी-मार्ट में एयर स्ट्राइक की आपातकालीन स्थिति में मौके पर राहत एवं बचाव कार्य, घायलों को त्वरित रूप से अस्पताल पहुंचाने, घायलों को सीपीआर और अस्पताल की आपातकालीन व्यवस्थाओं की तैयारियों का जायजा लेने के उद्देश्य से की गई। एयर स्ट्राइक के साथ मॉक ड्रिल की शुरुआत हुई, जिसके तत्काल बाद सायरन बजने लगे, जिला पुलिस कंट्रोल रूम को हवाई हमले की सूचना दी गई। पुलिस, चिकित्सा, सिविल डिफेंस की टीम मौके पर पहुंची। तत्काल प्रभाव से एम्बुलेंस और पुलिस की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। मॉक ड्रिल में घायल हुए लोगों को एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया गया। मौके पर पहुॅची फायर ब्रिगेड की टीम द्वारा आग बुझाने की कार्यवाही को अंजाम दिया गया।
एयर स्ट्राइक की सूचना मिलते ही जिला कलक्टर अतुल प्रकाश ने मौके पर पहुॅचकर बचाव एवं राहत कार्यों का जायजा लेकर टीम की सक्रियता को परखा। पुलिस टीम ने मोर्चा संभालकर परिस्थिति को नियंत्रण में लिया। एएसपी अतुल साहू के नेतृत्व में पुलिस जाप्ता द्वारा आसपास जमा भीड को हटाते हुये संभावित हमले से बचाव के लिये एसओपी की पालना के निर्देश दिये गए। अतिरिक्त जिला कलेक्टर सुमित्रा मिश्र, उपखंड अधिकारी लाखन सिंह गुर्जर, आयुक्त नगर परिषद मुकेश शर्मा ने बचाव राहत कार्यों की टीम के साथ समन्वय का कार्य किया।
अस्पताल पहुंचने पर, घायलों को तुरंत सुरक्षित क्षेत्र में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों और नर्सों की टीम ने उनकी प्राथमिक जांच की और उन्हें उनकी चोटों की गंभीरता के अनुसार विभिन्न वार्डों में भेजा गया। इस दौरान पीएमओ सागर अरोड़ा के नेतृत्व में अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में तेजी और समन्वय देखा गया। डॉक्टरों ने मॉकड्रिल में घायल हुए लोगों को तत्काल चिकित्सा सहायता प्रदान की। एयर स्ट्राइक मॉल ड्रिल के दौरान लगभग 45 कर्मचारियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया तथा 13 घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जिनमें से 6 क्रिटिकल कंडीशन वाले घायलों को तुरंत अस्पताल रेफर किया गया तथा अन्य को फर्स्ट एड देकर अस्पताल में भर्ती किया गया।
मॉक ड्रिल के अंत में जिला कलक्टर ने कहा कि यह मॉकड्रिल आपदा प्रबंधन की तैयारियों का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने अस्पताल प्रशासन और सभी संबंधित विभागों के समन्वय और तत्परता की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह की मॉकड्रिल से किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने की हमारी क्षमता बढ़ती है। यह मॉक ड्रिल जिला प्रशासन एंव पुलिस के आपदा प्रबंधन की तैयारियों को दर्शाती है और यह संदेश देती है कि किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए सभी विभाग पूरी तरह से सतर्क और तैयार हैं। हर मॉक ड्रिल हमारी टीम को आदर्श समय सीमा तक पहुंचने में सहायक है आगामी समय में भी इस प्रकार से मॉक ड्रिल कराई जाती रहेगी, ताकि आपात स्थिति से तत्परता से निपटा जा सके।
मॉक ड्रिल के दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर सुमित्रा मिश्र, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अतुल साहू, उपखंड अधिकारी लाखन सिंह गुर्जर, डीएसपी सहित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे ।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button