कैराना

कैराना में पहली बार ‘मुस्लिम राष्ट्रीय मंच’ का आयोजन

अमन-एकता और शिक्षा पर जोर

राष्ट्रीय संयोजक अफज़ाल अहमद व शहनाज अफज़ाल ने भरी हुंकार; बोले—हिन्दू-मुस्लिम एकता से ही मजबूत होगा देश, शिक्षा ही तरक्की की कुंजी
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। कस्बे की सरजमीं पर पहली बार मुस्लिम राष्ट्रीय मंच (आरएसएस की मुस्लिम विंग) के बैनर तले “पैगाम-ए-अमन” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया।इस दौरान महिलाओं सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
 मुख्य मार्ग पर  स्थित अम्बा मैरिज होम में आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की मौजूदगी ने इसे खास बना दिया। कार्यक्रम में मंच के राष्ट्रीय संयोजक अफज़ाल अहमद व महिला विंग की राष्ट्रीय संयोजक शहनाज अफज़ाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता जयबीर कुड़ाना ने की, जबकि मंच संचालन नादिर चौधरी द्वारा किया गया। आयोजन के दौरान वक्ताओं ने समाज में आपसी भाईचारे, राष्ट्रीय एकता और शिक्षा के प्रसार को लेकर जोरदार संदेश दिया। राष्ट्रीय संयोजक अफज़ाल अहमद ने अपने संबोधन में कहा कि भारत की आजादी हिन्दू-मुस्लिम एकता और आपसी सहयोग की बदौलत संभव हो सकी। उन्होंने बहादुर शाह ज़फ़र का उदाहरण देते हुए कहा कि प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में उन्होंने नेतृत्व किया और उनके परिवार ने देश के लिए बड़ी कुर्बानियां दीं। उन्होंने कहा कि यदि उस समय समाज बंटा होता, तो आजादी का सपना अधूरा रह जाता। इसलिए आज भी जरूरत है कि सभी समुदाय मिलकर देश की एकता और अखंडता को मजबूत करें। उन्होंने आगे कहा कि देशहित सर्वोपरि होना चाहिए और हर नागरिक को अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए। “एकता में ही शक्ति है और संगठित समाज ही प्रगति की राह तय करता है,” यह संदेश उन्होंने मंच से दिया। वहीं महिला विंग की राष्ट्रीय संयोजक शहनाज अफज़ाल ने अपने संबोधन में कहा कि कैराना में इस तरह का आयोजन यह दर्शाता है कि समाज अब सकारात्मक बदलाव की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मंच का उद्देश्य राजनीति नहीं, बल्कि समाज में जागरूकता फैलाना और सकारात्मक सोच विकसित करना है।उन्होंने शिक्षा को सबसे बड़ी जरूरत बताते हुए कहा कि मुस्लिम समाज अभी भी शिक्षा के क्षेत्र में पिछड़ा हुआ है, जिसे सुधारने की आवश्यकता है। “आधी रोटी खाएं, मगर बच्चों को जरूर पढ़ाएं,” का संदेश देते हुए उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि महिलाएं परिवार की रीढ़ होती हैं और यदि घर की महिला शिक्षित होगी तो पूरा परिवार स्वतः शिक्षित और जागरूक बनेगा। इसके साथ ही उन्होंने बच्चों को अच्छे संस्कार देने, हलाल-हराम की समझ विकसित करने और सही मार्गदर्शन देने पर भी जोर दिया।उन्होंने कहा कि शिक्षित और जागरूक युवा ही देश को नई दिशा दे सकते हैं। कार्यक्रम के अंत में आयोजक फरीद अंसारी, अनीस अंसारी व मंच के प्रवक्ता नादिर चौधरी ने सभी अतिथियों, वक्ताओं और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। आयोजन शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी रही। इस दौरान सुरक्षा के दृष्टिगत पीएसी बल के साथ- साथ स्थानीय पुलिस मौजूद रही।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button