गोमिया के पेंटर हत्याकांड में शामिल दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बोकारो। बेरमो अनुमंडल पुलिस ने गोमिया थाना क्षेत्र में हुए मोईउद्दीन अंसारी पेंटर हत्याकांड का सफल उद्भेदन करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में वादी मो. तबारक अंसारी (25), निवासी पिपचो, थाना दारु, जिला हजारीबाग के लिखित आवेदन पर 16 अप्रैल 2026 को गोमिया थाना कांड संख्या 66/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। वहीं शुक्रवार को बेरमो एसडीपीओ बशिष्ठ नारायण सिंह ने अपने कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि पुलिस अधीक्षक बोकारो के निर्देश पर बेरमो (तेनुघाट) के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष एसआईटी टीम का गठन किया गया। अनुसंधान, गुप्त सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने इस हत्याकांड में शामिल दो आरोपियों अर्जुन कुमार तिवारी उर्फ बाबा होसिर देवीपुर, गोमिया (24) और धनराज श्रीवास्तव (42) आइइएल गवर्नमेंट कॉलोनी गोमिया को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस के अनुसार दुकान के सामने पेंटिंग के लिए आने वाले वाहनों को खड़ा करने को लेकर विवाद चल रहा था, जिससे पास की गुमटी दुकान प्रभावित हो रही थी। इसी रंजिश में धनराज श्रीवास्तव ने 25 हजार रुपए का लालच देकर अर्जुन तिवारी से लकड़ी के फट्टे से मारकर हत्या करवाने का आरोप है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक रेडमी कंपनी का मोबाइल फोन, एक स्विफ्ट कार तथा घटनास्थल से खून लगा लकड़ी का फट्टा बरामद किया है। वहीं गोमिया थाना प्रभारी प्रफुल्ल कुमार महतो ने गंभीरता से लेते हुए पेंटर हत्याकांड का खुलासा कर आरोपितों को न्यायायिक हिरासत में भेजा। इस कार्रवाई में गोमिया थाना प्रभारी प्रफुल्ल कुमार महतो, आइइएल थाना प्रभारी श्यामल मंडल, तेनुघाट ओपी प्रभारी भजनलाल महतो, पेटरवार थाना प्रभारी राजू मुंडा, अवर निरीक्षक मनोज कुमार, बिरसा बाड़ा, अरुण कुमार सहायक अवर निरीक्षक अखिलेश कुमार सहित कई पुलिस पदाधिकारी और तकनीकी शाखा बोकारो की टीम शामिल थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और मामले की आगे की जांच जारी है।


