बाराबंकी में किशोरियों के लिए शुरू होगा एचपीवी टीकाकरण अभियान, सर्वाइकल कैंसर से मिलेगी सुरक्षा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बाराबंकी। जनपद में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों को गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर से बचाने के लिए एचपीवी (HPV) टीकाकरण अभियान शुरू किया जाएगा। प्रधानमंत्री Narendra Modi ने 28 फरवरी 2026 को राजस्थान के अजमेर से राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया था, जिसके तहत अब बाराबंकी में भी तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
यह टीका जिला महिला चिकित्सालय समेत सभी सीएचसी और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर निशुल्क लगाया जाएगा। अभियान को सफल बनाने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी सभागार में स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग और आईसीडीएस अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई। डॉ. राजीव सिंह ने बैठक का संचालन करते हुए टीकाकरण के महत्व और जागरूकता पर जोर दिया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अवधेश कुमार यादव ने बताया कि बाजार में यह वैक्सीन लगभग 4 हजार रुपये तक की मिलती है, लेकिन सरकार इसे पूरी तरह मुफ्त उपलब्ध करा रही है। 14 से 15 वर्ष की बालिकाओं को गार्डासिल-4 का सिंगल डोज लगाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि एचपीवी यानी ह्यूमन पैपिलोमा वायरस महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण माना जाता है। समय पर टीकाकरण कराने से इस गंभीर बीमारी का खतरा काफी हद तक कम किया जा सकता है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार यह अभियान मिशन मोड में चलाया जाएगा। प्रशिक्षित चिकित्सा अधिकारी स्कूलों और सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर जाकर टीकाकरण करेंगे। विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी बेटियों को यह टीका अवश्य लगवाएं, ताकि भविष्य में उन्हें गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके।



