नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो।
लोनी। गाजियाबाद जिला कलेक्ट्रेट पर प्रस्तावित किसानों की पंचायत की तारीख में बदलाव किया गया है। पहले यह पंचायत 27 मई को आयोजित की जानी थी, लेकिन अब इसे 25 मई से शुरू करने का निर्णय लिया गया है। इस संबंध में किसानों की ओर से आधिकारिक विज्ञप्ति जारी कर जानकारी दी गई है।
भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत के आह्वान पर यह पंचायत आयोजित की जा रही है। ईद पर्व को ध्यान में रखते हुए 72 घंटे चलने वाली इस पंचायत की तिथि में संशोधन किया गया है। इसकी घोषणा भाकियू के जिला अध्यक्ष चौधरी बिजेंद्र सिंह ने टिकैत के निर्देशानुसार की।
बताया गया कि गाजियाबाद जनपद में भूमि अधिग्रहण से प्रभावित किसान लंबे समय से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलनरत हैं। पंचायत के माध्यम से उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।
इस पंचायत में मंडोला विहार योजना से प्रभावित किसानों के मुद्दे, तलहटा गांव से जुड़े मामले और वेव सिटी परियोजना से प्रभावित किसानों की समस्याएं प्रमुख रूप से उठाई जाएंगी।

