शादी तुड़वाने के लिए निजी फोटो वायरल करने का आरोप, सपा नेता पर मुकदमा दर्ज
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कालपी (जालौन)। नगर के राजघाट क्षेत्र में एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक युवती की शादी तुड़वाने के आरोप में सपा से जुड़े एक युवक के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता की शादी कानपुर में तय हुई थी। युवती ने कोतवाली पुलिस को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया कि पड़ोसी मुहल्ले हरीगंज निवासी सपा नेता रामखिलावन पुत्र रमेश ने उसकी निजी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर दीं। इतना ही नहीं, आरोपी ने फर्जी आईडी बनाकर इंस्टाग्राम के माध्यम से उसके होने वाले पति और रिश्तेदारों को भी तस्वीरें भेजीं, जिससे उसकी शादी टूट गई। युवती का आरोप है कि आरोपी लंबे समय से उसका आर्थिक शोषण कर रहा था और शादी करने पर गंभीर परिणाम भुगतने तथा भाई को जान से मरवाने की धमकी भी दे रहा था। लगातार मानसिक उत्पीड़न से परेशान होकर उसने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई। इस मामले में पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ बीएनएस की धारा 351(2) तथा आईटी एक्ट की धारा 67ए के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। सूत्रों के अनुसार, आरोपी को पुलिस हिरासत में भी ले लिया गया है। हालांकि जब इस संबंध में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक से जानकारी ली गई तो उन्होंने किसी भी शिकायत पत्र के मिलने से इनकार किया, जबकि दूसरी ओर पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज किए जाने की पुष्टि सामने आ रही है, जिससे पूरे मामले में विरोधाभास भी देखने को मिल रहा है फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

