जालौन
कालपी में जनगणना प्रशिक्षण संपन्न, 892 कार्मिक हुए तैयार
नौ दिन के प्रशिक्षण के बाद मई से शुरू होगा ऑनलाइन जनगणना का पहला चरण

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो।
कालपी (जालौन)। बुधवार को तहसील क्षेत्र में आयोजित जनगणना प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक समाप्त हो गया। 9 दिनों तक चले इस प्रशिक्षण में कुल 892 कार्मिकों को तैयार किया गया। समापन अवसर पर एसडीएम मनोज कुमार सिंह ने सभी कार्मिकों को राष्ट्रीय कार्यक्रम की गोपनीयता बनाए रखने की शपथ दिलाई।
प्रशासनिक जानकारी के अनुसार मई माह में जनगणना कार्यक्रम का प्रथम चरण शुरू होगा, जिसमें भवनों की सूची बनाकर उनकी गणना की जाएगी। इस बार जनगणना पूरी तरह ऑनलाइन माध्यम से कराई जाएगी, जिसके लिए शिक्षकों को प्रगणक के रूप में नियुक्त किया गया है। प्रशासन ने इसकी तैयारियां पहले ही पूरी कर ली थीं। तहसील क्षेत्र को 556 सेक्टरों में विभाजित किया गया है और प्रत्येक प्रगणक को लगभग 150 घरों का डाटा एकत्र करने की जिम्मेदारी दी गई है। प्रशिक्षण 21 अप्रैल से एमएसवी इंटर कॉलेज में शुरू हुआ था, जिसमें तीन चरणों में कार्मिकों को प्रशिक्षित किया गयाकृपहले चरण में 300, दूसरे में 296 और तीसरे में भी 296 कार्मिक शामिल रहे। समापन कार्यक्रम में एसडीएम मनोज कुमार सिंह ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्यक्रम है, जिसके आधार पर विकास योजनाएं तैयार होती हैं। उन्होंने कार्मिकों से पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया। इस दौरान नायब तहसीलदार चन्द्रमोहन शुक्ल, मुकेश कुमार ने भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।



