पाकुड़ व्यवहार न्यायालय से निकाली गई प्रभात फेरी, 90 दिवसीय विधिक जागरूकता अभियान की शुरुआत
Prabhat Ferry taken out from Pakur Civil Court, 90 day legal awareness campaign started

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। झालसा रांची के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार पाकुड़ के तत्वावधान में 90 दिवसीय गहन विधिक जागरूकता अभियान के तहत शुक्रवार को पाकुड़ व्यवहार न्यायालय परिसर से प्रभात फेरी निकाली गई। यह प्रभात फेरी न्यायालय परिसर से भगतपाड़ा, हाटपाड़ा, बिरसा मुंडा चौक एवं डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक होते हुए पुनः न्यायालय परिसर तक पहुंची। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार पाकुड़ दिवाकर पांडे ने की। इस अवसर पर प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय रजनीकांत पाठक, कई न्यायिक पदाधिकारी, डीएसपी, सिविल सर्जन, बार एसोसिएशन के पदाधिकारी, न्यायालय कर्मी, पैरा लीगल वॉलिंटियर्स सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने कहा कि इस 90 दिवसीय अभियान का उद्देश्य समाज के वंचित एवं जरूरतमंद लोगों तक पहुंचकर उन्हें कानून एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी देना है। इसके तहत नुक्कड़ नाटक, शिविर एवं जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को जोड़ा जाएगा। कार्यक्रम के दौरान बाल श्रम, बाल विवाह, दहेज प्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता फैलाने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही लोगों को उनके अधिकारों एवं निःशुल्क कानूनी सहायता के बारे में भी जानकारी दी गई। वहीं जिला विधिक सेवा प्राधिकार सचिव रूपा बंदना किरो ने बताया कि आने वाले 90 दिनों तक जिले के सभी प्रखंडों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार जागरूकता कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक एवं शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके माध्यम से विशेष रूप से बच्चों के खिलाफ अपराध, पोक्सो एक्ट एवं सामाजिक कुरीतियों पर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को न्याय एवं अधिकारों से जोड़ा जा सके।



