असम

भारत सरकार के विशेष सचिव ने किया असम के नगांव जिले में योजना निरीक्षण। 

 नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 

असम :  भारत सरकार के वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग के विशेष सचिव डॉ. साज्जन सिंह यादव ने बुधवार को असम के नगांव जिले का दौरा कर कई योजनाओं के कार्य का जायजा लिया। इस दौरे के दौरान उन्होंने जिले में ‘राज्यों को पूंजीगत व्यय के लिए विशेष सहायता योजना’ के तहत स्वीकृत विभिन्न विकास परियोजनाओं का अवलोकन किया और निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। यादव ने सबसे पहले नगांव शहर के बीचोंबीच स्थित नगांव पुलिस छावनी में पुलिसकर्मियों के आवासीय सुविधाओं के विस्तार के उद्देश्य से बन रही 16 आवासों वाली चार मंजिला भवनों का निरीक्षण किया। इसके बाद विशेष सचिव ने कार्यरत महिलाओं के लिए शिवनगर स्थित राज्य स्त्री एवं शिशु गृह परिसर में ‘मिशन शक्ति’ के तहत निर्माणाधीन ‘सखी निवास’ नामक हॉस्टल का दौरा कर इसकी प्रगति का आकलन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विस्तृत बातचीत की, निर्माण कार्य की गुणवत्ता और प्रगति की जानकारी ली तथा संतुष्टि जाहिर की, हालांकि उन्होंने निर्माण कार्य को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने योजनाओं के फलदायी उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि सरकारी पूंजी के सही उपयोग से ही समाज का वास्तविक विकास संभव है। इस निरीक्षण के दौरान उन्हें असम सरकार के महिला एवं शिशु विकास विभाग के निदेशक गौरी शंकर शर्मा, जिला आयुक्त देवाशीष शर्मा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पार्थ प्रतिम दास, अतिरिक्त जिला आयुक्त कमल जीत शर्मा तथा जिला समाज कल्याण अधिकारी भोलानाथ पेगू ने साथ दिया। इसके अलावा पुलिस प्रशासन और जिला समाज कल्याण कार्यालय के कई अन्य अधिकारी-कर्मचारी भी निरीक्षण के दौरान मौजूद रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button