मथुरा
मिट्टी खनन ठेकेदार से दो लाख की रंगदारी मांगने का आरोप

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। थाना जैंत क्षेत्र के गांव राल में मिट्टी खनन कर रहे ठेकेदार से दबंगों द्वारा रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि उससे दो लाख रुपये की मांग की गई और रकम न देने पर झूंठे मुकदमे में फंसाने व जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ित नगेंद्र शर्मा ने सीओ सदर को दी शिकायत के माध्यम से बताया कि उसे जिलाधिकारी कार्यालय से मिट्टी खनन की वैध अनुमति प्राप्त है। इसके तहत वह मिट्टी खनन का कार्य कर रहा है। रविवार को गांव के कुछ लोग उसकी साइट पर पहुंचे। आरोप है कि इन लोगों ने सुविधा शुल्क के नाम पर दो लाख रुपये की मांग की। धमकी दी कि अगर पैसे नहीं दिए तो खनन कार्य नहीं करने देंगे और न्यूज में मामला चलाकर बदनाम करेंगे। पीड़ित के अनुसार एक महिला ने भी उसे झूंठे दुष्कर्म के मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। वहीं एक ग्रामीण ने कहा कि यदि पैसे नहीं दिए तो उसे और उसके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। विरोध करने पर आरोपियों ने मजदूरों से मारपीट कर साइकिल को नुकसान पहुंचाया। सीओ सदर पीतमपाल सिंह ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है। मामले की जांच कराकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



