गोड्डा

गोड्डा में ऑपरेशन के दौरान गर्भवती महिला की मौत

डॉक्टर क्लीनिक छोड़कर भागे,परिजनों ने किया सड़क जाम

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
राजाभिठा। गोड्डा जिले के सुंदरपहाड़ी थाना क्षेत्र के केडोबाजार स्थित सनलाइफ हेल्थ केयर में ऑपरेशन के दौरान एक गर्भवती महिला की मौत हो गई। घटना के बाद डॉक्टर क्लीनिक छोड़कर फरार हो गए। इस मामले को लेकर इलाके में आक्रोश फैल गया। मृतका की पहचान रतनपुर कुसुमघाटी निवासी मीरा मालतो (पति चार्लीज मालतो) के रूप में हुई है। यह उनका दूसरा बच्चा था, जो फिलहाल स्वस्थ है। मृतका आदिम जनजाति पहाड़िया समुदाय से थी। घटना से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने केडोबाजार से सुंदरपहाड़ी मुख्य सड़क को जाम कर दिया। उन्होंने क्लीनिक प्रबंधन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि प्रसव के दौरान गंभीर लापरवाही बरती गई। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि संबंधित स्वास्थ्य केंद्र फर्जी तरीके से संचालित हो रहा था। उनके अनुसार, क्लीनिक में पर्याप्त सुविधाएं और योग्य डॉक्टर मौजूद नहीं थे। ग्रामीणों ने स्थानीय जलसहिया सारा मालतो पर भी आरोप लगाया है। उनका कहना है कि जलसहिया को गर्भवती महिला को सरकारी अस्पताल ले जाना चाहिए था, लेकिन उन्होंने उसे निजी क्लीनिक में भर्ती कराया, जिसके परिणामस्वरूप यह घटना हुई। मृतका के परिजनों ने मंगलवार को मीरा मालतो को राजाभीठा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया था। वहां से उन्हें गोड्डा सदर अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एम्बुलेंस उपलब्ध नहीं थी। इसके बाद स्थानीय सहिया सारा मालतो के कहने पर परिजनों ने रात्रि में सनलाइफ हेल्थ केयर में भर्ती कराया था। सूचना मिलते ही सुंदरपहाड़ी और राजाभीठा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया और लोगों को समझा-बुझाकर सड़क जाम हटाने की कोशिश की। पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुटी है। प्रशासन ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। गोड्डा के सिविल सर्जन डॉक्टर सुभाष शर्मा ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी मिली है। वे घटनास्थल पर जाकर जांच कर रहे हैं और जो भी दोषी पाए जाएंगे, उन पर कार्रवाई की जाएगी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button