असम के तैराकों की ऐतिहासिक उपलब्धि: पाल्क स्ट्रेट पर विजय।
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
असम के तैराकों ने इतिहास रचते हुए राज्य के खेल जगत में गौरव का एक नया अध्याय जोड़ा है। 5 मई को असम के पांच प्रतिभाशाली तैराकों ने श्रीलंका के तलाईमन्नार से भारत के तमिलनाडु स्थित धनुषकोडी तक फैले 29 किलोमीटर लंबे चुनौतीपूर्ण पाल्क स्ट्रेट को सफलतापूर्वक पार किया। असम स्विमिंग एसोसिएशन के प्रचार सचिव मुकुटेश्वर गोस्वामी ने गुवाहाटी में मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि एकल वर्ग में 18 वर्ष 7 महीने के कमल कृष्ण दास ने रात 2:10 बजे तैराकी शुरू की और दोपहर 1:45 बजे गंतव्य तक पहुंचकर 11 घंटे 34 मिनट में इस साहसिक अभियान को पूरा किया। एक अन्य उल्लेखनीय प्रदर्शन में 11 वर्ष 17 दिन की अदित्री रॉय चौधरी ने 12 घंटे 52 मिनट में तैराकी पूरी करते हुए दोपहर 3:02 बजे गंतव्य तक पहुंचकर सभी को प्रभावित किया। रिले वर्ग में भी असम के तैराकों ने शानदार प्रदर्शन किया। क्युचेंघन फुकन (8 वर्ष 3 महीने), कोंकिता दास (10 वर्ष 9 महीने) और जान्हवी डेका (9 वर्ष 11 महीने) ने 12 घंटे 54 मिनट में इस कठिन अभियान को पूरा किया। विशेष रूप से, क्युचेंघन विश्व की सबसे कम उम्र की महिला तैराकों में शामिल हो गई हैं, जिन्होंने यह उपलब्धि हासिल की। इन सभी तैराकों को कोच बाबुल गुरूंग के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण दिया गया। असम स्विमिंग एसोसिएशन के सचिव भास्कर दास ने सभी तैराकों को इस ऐतिहासिक सफलता के लिए बधाई दी है ।


