गोड्डा
अवैध रूप से संचालित निजी स्वास्थ्य संस्थानों के विरुद्ध विशेष जांच अभियान चला

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त लोकेश मिश्रा के निर्देशानुसार जिले के सभी प्रखंडों में बिना निबंधन के अवैध रूप से संचालित निजी हॉस्पिटल, क्लीनिक, नर्सिंग होम, डायग्नोस्टिक सेंटर, पैथोलॉजी लैब एवं अल्ट्रासाउंड सेंटर आदि के विरुद्ध विशेष जांच अभियान चलाया गया। उपायुक्त द्वारा गठित टीम, जिसमें संबंधित प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी एवं थाना प्रभारी शामिल थे, के द्वारा अपने-अपने क्षेत्राधिकार अंतर्गत संचालित निजी स्वास्थ्य संस्थानों का निरीक्षण किया गया। अभियान के दौरान विभिन्न अस्पतालों, क्लीनिकों, नर्सिंग होम, पैथोलॉजी लैब, डायग्नोस्टिक सेंटर एवं अल्ट्रासाउंड केंद्रों की गहन जांच की गई। निरीक्षण के क्रम में संबंधित संस्थानों के निबंधन प्रमाण-पत्र, आवश्यक वैधानिक दस्तावेज, चिकित्सकीय मानकों, स्वच्छता व्यवस्था, उपकरणों की उपलब्धता, अभिलेख संधारण एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुपालन की जांच की गई। साथ ही टीम द्वारा संचालकों को निर्धारित मानकों के अनुरूप सेवाएं संचालित करने तथा सभी आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि बिना निबंधन अथवा निर्धारित मानकों के विपरीत संचालित किसी भी स्वास्थ्य संस्थान के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से निरीक्षण अभियान चलाने, संदिग्ध संस्थानों पर विशेष निगरानी रखने तथा आमजनों की स्वास्थ्य सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को पारदर्शी, सुरक्षित एवं मानक अनुरूप बनाए रखने हेतु लगातार निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने आमजनों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी अस्पताल, क्लीनिक अथवा स्वास्थ्य संस्थान में उपचार कराने से पूर्व उसके निबंधन एवं वैधता की जानकारी अवश्य प्राप्त करें, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा अथवा जोखिम से बचा जा सके। जिला प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में अनियमितता, लापरवाही अथवा अवैध संचालन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा दोषी पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।




