
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल। जहां एक और सरकार आम रास्ते पर कब्जा हटाकर ग्रामीणों को आवागमन की सुविधा दे रही है ठीक इसके विपरीत कुछ लोग अपनी दबंगी से आम रास्ते को बंद करने पर तूले हुए है!ऐसा एक वाक्या आज देखने को उस समय मिला जब
मुंडावर तहसील के ग्राम रसगन के ग्रामीणों ने सरकारी आम रास्ते को खुलवाकर सुचारू आवागमन बहाल कराने की मांग को लेकर जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा । ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में शीतलदास मंदिर से हावड़ राम की ढाणी तक जाने वाला राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज सरकारी रास्ता कुछ लोगों द्वारा कब्जा कर अवरुद्ध किया जा रहा है, जिससे आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में बताया गया कि उक्त रास्ता कई खसरा नंबरों से होकर गुजरता है और इसका इन्काल संख्या 504 में भी उल्लेख है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि 60 वर्ष पुराने रास्ते को गांव के कुछ लोगों द्वारा रास्ते पर कब्जा कर आवागमन बाधित किया जा रहा है। इस संबंध में पहले भी तहसीलदार व उपखंड अधिकारी मुंडावर को शिकायत दी गई थी।
ग्रामीणों के अनुसार शुक्रवार सुबह तहसीलदार मौके पर पहुंचे और राजस्व रिकॉर्ड का निरीक्षण किया, लेकिन ग्रामीणों को संतोषजनक समाधान नहीं मिला। ग्रामीणों का आरोप है कि रास्ते को मूल स्थिति में खुलवाने के बजाय उसे घुमाकर अन्य खसरों से निकालने का प्रयास किया जा रहा है, जहां सरकारी फार्मपोंड बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के समय वहां जलभराव की स्थिति बनती है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहेगी।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज मूल सरकारी रास्ते को ही अतिक्रमण मुक्त कर आमजन के लिए सुचारू रूप से चालू कराया जाए, ताकि गांववासियों को राहत मिल सके।
ज्ञापन देने वालों में मदनलाल,सुबेसिंह, चन्द्रहास,राजकुमार, राजेंद्र,चिरंजी लाल, करण सिंह,कांता देवी, नीलम,आशा,शर्मिला, ओमबत्ती , गुड्डी देवी, मनीषा समेत दर्जनों लोग मौजूद रहे!

