कैराना

खेत पर काम कर रहे किसान से मारपीट

विरोध करने पर जान से मारने की धमकी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
कैराना। क्षेत्र के गांव रामड़ा के पास खेत पर काम कर रहे किसान के साथ बाइक सवार दो युवकों द्वारा मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित किसान ने रास्ता बंद होने की जानकारी देकर वापस लौटने को कहा तो आरोपी भड़क गए और उसके साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला दरबारकला निवासी इरफान पुत्र नवाब ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका खेत गांव रामड़ा (पूछड़ी) के पास स्थित है। बुधवार दोपहर करीब दो बजे वह खेत में कार्य कर रहा था। इसी दौरान बाइक संख्या यूपी-19 डब्ल्यू-8380 पर सवार होकर दो युवक वहां पहुंचे।
पीड़ित के अनुसार दोनों युवकों की पहचान गांव रामड़ा (पीर) निवासी मुजम्मिल पुत्र जमशेद और वासिल पुत्र राशिद के रूप में हुई। इरफान ने उन्हें बताया कि आगे जाने का रास्ता बंद है, इसलिए वापस लौट जाएं। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर दोनों युवकों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और उसके साथ मारपीट कर दी।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपी उसे खेती करना सिखाने की धमकी देने लगे। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने पंजीठ चौकी पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button