मथुरा

चोरों के गिरोह से पुलिस की मुठभेड़, तीन शातिर दबोचे

एक के पैर में लगी गोली

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा में रविवार सुबह थाना जैत पुलिस और सर्विलांस टीम की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। आगरा-दिल्ली सर्विस रोड पर हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पकड़े गए सभी आरोपी राजस्थान के धौलपुर के रहने वाले हैं। थाना जैत पुलिस और रिवार्डिड टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि तार चोरी की घटनाओं में वांछित बदमाश आगरा-दिल्ली सर्विस रोड के पास औद्योगिक क्षेत्र की एक निर्माणाधीन बिल्डिंग में वारदात को अंजाम देने आने वाले हैं। जैत पुलिस ने थानाध्यक्ष सोनू कुमार के नेतृत्व में रविवार तड़के करीब 2:50 बजे बदमाशों की घेराबंदी की। इस पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। पुलिस की कार्रवाई में मुख्य आरोपी हरवीर के बाएं पैर में गोली लगी, जबकि उसके दो साथियों गोपाल और सुग्रीव को पुलिस ने मौके पर ही दबोच लिया। गिरफ्तार बदमाशों के पास से पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल होने वाली कार और अवैध हथियार बरामद किए हैं। उनके कब्जे से 3 तमंचे, 6 जिंदा कारतूस और 1 खोखा कारतूस, चोरी किए गए बिजली के तार के 10 बंडल और 7300 रुपये नगद पुलिस ने बरामद किए हैं। गोली लगने से घायल बदमाश हरवीर को पुलिस ने तत्काल उपचार के लिए वृन्दावन स्थित सौ-शैय्या संयुक्त अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि ये बदमाश निर्माणाधीन इमारतों को निशाना बनाकर वहां से कीमती बिजली के तार चोरी करते थे। इन पर जैत थाने में पहले से ही चोरी के गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। फील्ड यूनिट ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य संकलन किया है। पुलिस अब इनके अन्य साथियों और आपराधिक इतिहास की कुंडली खंगाल रही है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button