कैराना
फर्नीचर शोरूम में जानलेवा हमला करने के पांच आरोपी गिरफ्तार
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कैराना। पानीपत रोड स्थित रईस फर्नीचर शोरूम पर हुए जानलेवा हमले के मामले में कैराना पुलिस ने पांच वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 23 अप्रैल को मोहल्ला दरबार खुर्द निवासी सुहैल पुत्र नफीस ने थाना कैराना में तहरीर देकर बताया था कि कुछ लोगों ने उनके फर्नीचर शोरूम में घुसकर धारदार हथियारों से हमला कर दिया था। आरोप है कि हमलावरों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की नीयत से हमला किया, जिसमें सुहैल, उसके चाचा रईस और चचेरे भाई उमेर घायल हो गए थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शामली एनपी सिंह के निर्देश पर थाना कैराना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में अनुज, वीरेंद्र, शाकिर, जाबिर और सादाब शामिल हैं। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

