बहराइच
46.12 करोड़ की लागत से बनेगा कल्यानपुरवा-भगवानपुर-महसी तहसील मार्ग
विधायक सुरेश्वर सिंह ने किया शिलान्यास

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
महसी बहराइच। महसी विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी सौगात देते हुए रविवार शाम विधायक सुरेश्वर सिंह ने कल्यानपुरवा-एरिया-भगवानपुर- महसी तहसील सम्पर्क मार्ग के उच्चीकरण एवं चौड़ीकरण कार्य का शिलान्यास किया। करीब 46.12 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह मार्ग 21.4 किलोमीटर लंबा और 5.5 मीटर चौड़ा होगा। सड़क निर्माण शुरू होने से क्षेत्रीय लोगों में खुशी का माहौल है। वर्षों से जर्जर और संकरे पड़े इस मार्ग पर आवागमन करना लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ था। आए दिन दुर्घटनाएं होती थीं और बरसात के मौसम में हालात और भी खराब हो जाते थे। अब शासन की स्वीकृति मिलने के बाद सड़क के नवनिर्माण और चौड़ीकरण का कार्य शुरू हो गया है, जिससे लाखों लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
यह मार्ग बहराइच-सीतापुर हाईवे से निकलकर कल्यानपुरवा, एरिया, किसानगंज होते हुए बेल्हा-बेल्हौरी तटबंध मार्ग के जरिए भगवानपुर चौराहे को जोड़ता है और आगे महसी तहसील तक पहुंचता है। क्षेत्र के दो दर्जन से अधिक गांवों के लोगों के लिए यह मुख्य संपर्क मार्ग माना जाता है। मार्ग निर्माण से कल्याणपुरवा, मेथौरा, चमारनपुरवा, गौरिया, पिपरी, कौलैला, लोधौनी, मरवट, नौरंगपुरवा, फत्तेपुरवा त्रिवेदीपुरवा,एरिया, किसानगंज, कोढवा, करेहना, पिपरा, कायमपुर, भगवानपुर, हरदी, बैरमपुर, सगधीर, बाजपेईपुरवा, सधुवापुर, चादपारा, महेशपुरवा समेत दो दर्जन से अधिक गांवों की एक लाख से ज्यादा आबादी को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही बहराइच-सीतापुर हाईवे से कुंडासर-इमामगंज मार्ग पर आने-जाने वाले लोगों को भी सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। भगवानपुर से किसानगंज तक बेल्हा-बेल्हौरी तटबंध मार्ग की बदहाल स्थिति लंबे समय से लोगों की परेशानी बनी हुई थी। सड़क निर्माण की खबर सामने आते ही क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। क्षेत्र निवासी सुबोध त्रिवेदी, विनय त्रिवेदी, रामकुमार बाजपेई, रामललन बाजपेई, छोटू शुक्ला, सुशील त्रिवेदी,रामबहोरन मिश्रा, राजित मिश्रा समेत कई लोगों ने कहा कि सड़क बनने से लाखों लोगों को राहत मिलेगी और आवागमन आसान होगा।
शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक महसी सुरेश्वर सिंह ने कहा कि इस मार्ग के निर्माण के लिए वर्ष 2022 से लगातार प्रयास किए जा रहे थे। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद अब निर्माण कार्य शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि सड़क के चौड़ीकरण और नवनिर्माण से महसी क्षेत्र की जनता को विशेष लाभ मिलेगा। इस अवसर पर प्रमुख प्रतिनिधि रमाकर पाण्डेय, जिलामंत्री शशिकांत त्रिपाठी, जिला प्रतिनिधि संजय त्रिवेदी, दिनेश्वर सिंह, मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र शुक्ला, दिवाकर पांडेय, मुख्तियार चौहान, सर्वजीत सिंह गुड्डू, विद्याधर बाजपेई, शिवा मिश्रा, संजय त्रिपाठी, नीरज कनोजिया, पंकज उपाध्याय, पिंटू सिंह, रिंकु मिश्रा, रामनिवास जायसवाल, रामकुमार बाजपेई, अजय तिवारी, डीके सिंह व लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता अनुपम कुमार, अभियंता विशद सिंह, पंकज सिंह, पुष्पेंद्र कुमार, अनुराग कुमार सहित भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता व ग्रामीण मौजूद रहे।




