नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
चौसाना। क्षेत्र के युवक ने आईटीबीपी में तैनात जवान समेत छह लोगों पर गाली-गलौच, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक शामली और आईटीबीपी हेड क्वार्टर यमुनोत्री को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। एसपी शामली ने मामले को गंभीरता से लेते हुए चौसाना चौकी प्रभारी को जांच कर मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।
चौसाना क्षेत्र के सकौती निवासी अंकित उर्फ सन्नी पुत्र शिवकुमार ने पुलिस अधीक्षक शामली को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि गांव में गली के कूड़ा-करकट को लेकर कुछ दिन पूर्व पड़ोसी परिवार से कहासुनी हो गई थी। उस समय गांव के मौजिज लोगों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत करा दिया था। आरोप है कि इसी रंजिश को लेकर सोमवार को आईटीबीपी में तैनात मंयक शर्मा ने फोन पर गंदी-गंदी गालियां दीं और परिवार को जान से मारने तथा महिलाओं को विधवा करने की धमकी दी।
पीड़ित का आरोप है कि संदीप पुत्र सुधीर, भगवान दास, सुधीर पुत्र करेशन, करेशन पुत्र टिकाराम और पुष्पा पत्नी भगवान दास ने भी गाली-गलौच, मारपीट और धमकी दी। पीड़ित ने बताया कि वह दिल का मरीज है और परिवार में अकेला है, जिससे उसे किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी हुई है। उसने यह भी बताया कि ग्राम प्रधान सकौती और जिला पंचायत सदस्य ठाकुर करण सिंह समझौता कराने पहुंचे थे, लेकिन उनके सामने भी आरोपितों ने अभद्रता और धमकी दी।
पीड़ित ने मामले की ऑडियो रिकॉर्डिंग होने का दावा करते हुए पुलिस अधीक्षक शामली के साथ-साथ आईटीबीपी हेड क्वार्टर ऑफिस यमुनोत्री, उत्तराखंड को भी शिकायत भेजकर आरोपी जवान पर विभागीय कार्रवाई की मांग की है।