एसपी अनुदीप सिंह की अध्यक्षता में मासिक अपराध समीक्षा बैठक संपन्न, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन और बकरीद सुरक्षा पर विशेष जोर
Monthly crime review meeting held under the chairmanship of SP Anudeep Singh, special emphasis on speedy disposal of pending cases and Bakrid security

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़ में पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में मंगलवार, 13 मई 2026 को मासिक अपराध गोष्ठी सह समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जिले के सभी थाना एवं ओपी प्रभारियों को अपराध नियंत्रण, लंबित कांडों के निष्पादन, सड़क सुरक्षा, साइबर अपराध रोकथाम तथा आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में बताया गया कि अप्रैल माह में दर्ज 76 मामलों की तुलना में कुल 82 कांडों का निष्पादन किया गया है। साथ ही लंबित मामलों की समीक्षा कर सभी थाना प्रभारियों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। संपत्तिमूलक अपराध जैसे लूट, डकैती, चोरी, गृहभेदन एवं छिनतई के मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए शीघ्र उद्भेदन एवं निष्पादन करने पर विशेष बल दिया गया। अपराध नियंत्रण एवं रोकथाम के लिए थाना गश्ती एवं टाइगर मोबाइल को रात्रि में सघन जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए गये। बैठक में बाल विवाह, नशामुक्ति, मानव तस्करी, साइबर अपराध, महिला अत्याचार एवं सड़क सुरक्षा को लेकर प्रत्येक माह स्कूलों, कॉलेजों और बाजार क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाने का आदेश भी दिया गया। बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए जिला परिवहन पदाधिकारी के समन्वय से नियमित वाहन जांच अभियान चलाने, हेलमेट, सीट बेल्ट, रजिस्ट्रेशन एवं इंश्योरेंस की जांच करने तथा ड्रंक एंड ड्राइव के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। सड़क दुर्घटना पीड़ितों एवं आश्रितों को समय पर मुआवजा दिलाने हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को भी कहा गया। अपराधियों पर नियंत्रण के लिए सक्रिय अपराधियों के विरुद्ध CCA Act के तहत कार्रवाई करने, दागी एवं निगरानी पंजी में नाम दर्ज कर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही न्यायालय में लंबित मामलों में अनुसंधानकर्ता एवं गवाहों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा आवश्यक अभिलेख समर्पित करने को कहा गया। पुलिस अधीक्षक ने थाना में आने वाले शिकायतकर्ताओं के साथ शालीन व्यवहार करने एवं उनकी समस्याओं का विधिसम्मत समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। आगामी बकरीद पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित करने, संवेदनशील स्थलों की पहचान कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, उपद्रवी तत्वों पर निरोधात्मक कार्रवाई करने तथा फ्लैग मार्च एवं मॉक ड्रिल आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक के दौरान सभी पुलिस पदाधिकारियों को CCA Act से संबंधित प्रशिक्षण दिया गया। इसके अलावा पुलिस सभा आयोजित कर पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनी गईं तथा उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गये



