बदायूं
भगवानपुर धिमरी में सार्वजनिक चकमार्ग पर अवैध कब्जे का आरोप
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से लगाई गुहार

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली । तहसील क्षेत्र के ग्राम भगवानपुर धिमरी में ग्रामीणों ने सार्वजनिक चकमार्ग पर अवैध कब्जे का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से कार्रवाई की मांग की है। गांव के जगदीश बाबू, कपिल कुमार, विवेक कुमार, प्रेम सिंह, अमर सिंह समेत कई ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि गांव में करबला की ओर जाने वाले सार्वजनिक चकमार्ग, गाटा संख्या 720, पर कुछ दबंग लोगों ने कब्जा कर लिया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि रतिभान, रामवीर, सुनील कुमार, दुर्गा प्रसाद और विमल कुमार ने सरकारी चकमार्ग को अपने खेतों में मिलाकर रास्ता बंद कर दिया है, जिससे किसानों और ग्रामीणों को खेतों तक पहुंचने में भारी परेशानी हो रही है। लोगों को दूसरे किसानों के खेतों से होकर गुजरना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि ताजिया निकालने के दौरान दूसरे समुदाय के लोगों को भी खेतों से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे फसलें खराब होती हैं और आपसी विवाद की स्थिति बनती है। प्रार्थना पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि तहसील सदर में कार्यरत अमीन प्रेमराज उर्फ जसवंत सिंह दबंगों को संरक्षण दे रहे हैं, जिसके चलते शिकायतों पर कार्रवाई नहीं हो पा रही है।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से पुलिस की मौजूदगी में सार्वजनिक चकमार्ग से अवैध कब्जा हटवाने और रास्ता खुलवाने की मांग की है, ताकि गांव में अमन-चैन और भाईचारा बना रहे।



