शामली

तेज हवाओं और बारिश से ठप रही बिजली, 15 घंटे अंधेरे में डूबा चौसाना क्षेत्र

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
 
 चौसाना। बुधवार देर शाम बरसात के साथ आई तेज हवाओं ने चौसाना क्षेत्र में भारी तबाही मचा दी। आंधी के कारण कई स्थानों पर पेड़ टूटकर बिजली लाइनों पर गिर गए, जबकि कुछ जगह बिजली के पोल टेढ़े होकर दीवारों से जा लगे। इंसुलेटर शॉर्ट होने और लाइनों में फाल्ट आने से चौसाना बिजलीघर से जुड़ी करीब एक लाख की आबादी की बिजली बुधवार रात आठ बजे से गुल हो गई। पूरी रात लोग अंधेरे में परेशान रहे और गुरुवार सुबह करीब 11 बजे सप्लाई बहाल हो सकी।
तेज हवाओं के दौरान कई गांवों में बिजली लाइनों पर पेड़ गिरने से तार आपस में टकरा गए। कुछ स्थानों पर पोल झुक जाने से हादसे का खतरा भी बना रहा। बिजली गुल होते ही ग्रामीणों को पेयजल संकट और गर्मी का सामना करना पड़ा। रातभर घरों में अंधेरा छाया रहा, वहीं मोबाइल फोन तक बंद हो गए।
विभागीय कर्मचारियों ने पूरी रात अलग-अलग स्थानों पर फाल्ट तलाशने का काम किया। लाइनमैन बारिश और अंधेरे के बीच लाइनों की जांच करते रहे, लेकिन रात में फाल्ट नहीं मिल सका। गुरुवार सुबह टीम को इंसुलेटर शॉर्ट और लाइन क्षतिग्रस्त होने की जानकारी मिली, जिसके बाद मरम्मत कार्य शुरू कराया गया। करीब 15 घंटे बाद बिजली आपूर्ति सामान्य हो पाई।
ग्रामीणों का कहना है कि तेज हवाओं के दौरान अक्सर बिजली व्यवस्था ठप हो जाती है। जर्जर लाइनों और पेड़ों की छंटाई समय पर न होने के कारण समस्या लगातार बढ़ रही है। लोगों ने विभाग से समय रहते लाइनों की मरम्मत और पेड़ों की कटाई कराने की मांग की है।
अवर अभियंता आजम अकबर ने बताया कि तेज हवा और बारिश के कारण कई जगह लाइन पर पेड़ गिर गए थे तथा इंसुलेटर शॉर्ट हो गया था। लाइनमैनों ने पूरी रात फाल्ट तलाशने का कार्य किया, जिसके बाद गुरुवार सुबह सप्लाई सुचारु करा दी गई।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button