ललितपुर

सफाई व्यवस्था को मिली नई रफ्तार

14 नए वाहनों को दिखाई गई हरी झंडी

नपाध्यक्ष ने वार्डों का औचक निरीक्षण कर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। शहर की साफ-सफाई व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में नगर पालिका परिषद ने शुक्रवार को बड़ा कदम उठाया। नगर पालिका द्वारा 14 नए वाहनों को नगर सेवा के लिए रवाना किया गया, जिनमें 2 ट्रैक्टर, 11 डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहन और 1 फॉगिंग टैक्सी वाहन शामिल हैं। वाहनों को शहर के चन्द्रशेखर उद्यान पार्क (कम्पनी बाग) के सामने पूजा-अर्चना के बाद हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। कार्यक्रम में नपाध्यक्ष सोनाली जैन ने कहा कि नगर पालिका का उद्देश्य सिर्फ सफाई कराना नहीं, बल्कि शहर के हर वार्ड और गली तक बेहतर सफाई व्यवस्था पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि नए वाहनों के शामिल होने से उन क्षेत्रों में भी डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण सुविधा पहुंचेगी, जहां पहले वाहन नहीं पहुंच पाते थे। इससे खुले में कचरा फेंकने की समस्या पर भी नियंत्रण लगेगा। अध्यक्ष प्रतिनिधि मुन्नालाल जैन, कर निर्धारण अधिकारी राजेन्द्र प्रसाद, प्रभारी सफाई निरीक्षक महेन्द्र सिंह यादव सहित पालिका के अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय नागरिक कार्यक्रम में मौजूद रहे। वाहनों को रवाना करने के बाद अध्यक्ष ने वार्ड संख्या 15 गांधी नगर प्रथम, वार्ड संख्या 4 गांधी नगर द्वितीय तथा चंडी मंदिर के पीछे स्थित श्मशान घाट का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई स्थानों पर सफाई व्यवस्था में कमियां मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाई तथा निर्देश दिए कि सभी कमियों को शाम तक दूर कर फोटो सहित रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। नपाध्यक्ष ने साफ कहा कि सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारी और कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नगरवासियों से भी अपील की कि घरेलू कचरा केवल डोर-टू-डोर वाहनों में ही दें और सार्वजनिक स्थलों पर कचरा न फैलाएं। इस दौरान पार्षद मनमोहन चौबे सहित नगर पालिका के कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button