कैराना
मरम्मत के दौरान लाइन में दौड़ा करंट, लाइनमैन गंभीर रूप से झुलसा
कैराना में बिजली लाइन पर काम करते समय हुआ हादसा, हालत नाजुक होने पर पानीपत रेफर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कैराना। रविवार सुबह विद्युत विभाग में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब हाईलाइन पर मरम्मत कार्य कर रहा एक लाइनमैन अचानक करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कर घायल को नीचे उतारा और उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए उसे पानीपत के निजी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, लाइनमैन उस्मान सुबह विद्युत लाइन पर मरम्मत कार्य कर रहा था। बताया जा रहा है कि कार्य के दौरान अचानक लाइन में करंट दौड़ गया, जिसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया। हादसा होते ही मौके पर मौजूद कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। सहकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए घायल लाइनमैन को तुरंत नीचे उतारा और आनन-फानन में सीएचसी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत नाजुक बताते हुए बेहतर इलाज के लिए पानीपत रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में चिंता का माहौल बन गया। विभागीय कर्मचारियों ने हादसे पर दुख जताते हुए उस्मान के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। वहीं, विभागीय स्तर पर यह भी जांच की जा रही है कि मरम्मत कार्य के दौरान लाइन में करंट कैसे आया और सुरक्षा मानकों में कहीं लापरवाही तो नहीं हुई।

