
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
झुंझुनूं। संदिग्धों का पीछा करते समय नवलगढ़ थाना पुलिस की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में घायल पुलिसकर्मी भींवाराम निर्मल (47) ने सीकर ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। घटना के बाद पुलिस विभाग और उनके गांव भोड़की में शोक की लहर फैल गई। जानकारी के अनुसार, सीकर जिले के दादिया थाना क्षेत्र में पुलिस नाकेबंदी तोड़कर एक संदिग्ध वाहन फरार हो गया था। इसके बाद नवलगढ़ थाना पुलिस की टीम संदिग्धों का पीछा कर रही थी। इसी दौरान पुजारी की ढाणी के पास पुलिस वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही झुंझुनूं एसपी कावेन्द्र सिंह सागर नवलगढ़ जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों की कुशलक्षेम जानी। उन्होंने घायल सीआई अजय सिंह से भी मुलाकात कर स्वास्थ्य की जानकारी ली। वहीं, हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और भाग रहे संदिग्धों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। कॉन्स्टेबल भींवाराम मेघवाल के निधन के बाद भोड़की गांव में मातम छा गया। उनकी पत्नी सरोज देवी आंगनवाड़ी सहायिका हैं। परिवार में दो बेटियां और एक बेटा है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
रविवार को चालक भींवाराम के सम्मान में नवलगढ़ से भोड़की गांव तक तिरंगा यात्रा निकाली गई। दोपहर में गांव के जोहड़ के पास राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान पुलिस प्रशासन, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।



