ललितपुर
जनसमस्याओं और सांस्कृतिक विकास को लेकर सक्रिय हुए इंजी.दीपक शर्मा
डीएम को सौंपे दो अहम ज्ञापन

नेटवर्क समस्या समाधान और ओपन थियेटर निर्माण की उठाई मांग, ग्रामीणों और युवाओं को राहत दिलाने की पहल
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
ललितपुर। जिले में भाजपा कार्यकर्ता इंजी.दीपक शर्मा ने आमजन की समस्याओं और जिले के सांस्कृतिक विकास से जुड़े दो महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर जिला प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। उन्होंने जिला अधिकारी को दो अलग-अलग प्रार्थना पत्र सौंपकर एक ओर ग्रामीण क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क की गंभीर समस्या के स्थाई समाधान की मांग की, वहीं दूसरी ओर नगर में सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए ओपन थियेटर की स्थापना की मांग उठाई। पहले ज्ञापन में इंजी. दीपक शर्मा ने बताया कि जनपद के करीब 100 से अधिक गांवों में रिलाइंस जियो नेटवर्क की स्थिति लंबे समय से खराब बनी हुई है। ग्रामीणों को मोबाइल नेटवर्क की भारी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि जैसे ही गांवों में बिजली कटौती होती है, मोबाइल टावरों का पावर बैकअप फेल हो जाता है और नेटवर्क पूरी तरह गायब हो जाता है। ऐसी स्थिति में लोगों को आपातकालीन सेवाओं, ऑनलाइन कार्यों और दैनिक संचार में गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि दैलवारा जैसे गांवों में भी यही स्थिति बनी हुई है। ग्रामीण नियमित रूप से मोबाइल रिचार्ज का भुगतान कर रहे हैं, लेकिन बदले में उन्हें बेहतर सेवा नहीं मिल पा रही है। उन्होंने जिला अधिकारी से मांग की कि संबंधित दूरसंचार कंपनी के अधिकारियों से वार्ता कर ऐसे क्षेत्रों को चिन्हित कराया जाए, जहां बिजली कटते ही नेटवर्क बाधित हो जाता है, और वहां पावर बैकअप की स्थाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। वहीं दूसरे ज्ञापन में इंजी.दीपक शर्मा ने ललितपुर नगर में युवाओं, कलाकारों और सामाजिक संस्थाओं के लिए एक आधुनिक ओपन थियेटर बनाने की मांग की। उन्होंने कहा कि जिले में वर्तमान समय में ऐसा कोई सार्वजनिक मंच उपलब्ध नहीं है, जहां सांस्कृतिक, सामाजिक और शैक्षणिक कार्यक्रमों का व्यवस्थित आयोजन किया जा सके। पत्र में उन्होंने योगी आदित्यनाथ के उस वक्तव्य का उल्लेख किया, जिसमें ललितपुर को उत्तर प्रदेश का प्रवेश द्वार बताया गया है। उन्होंने कहा कि ऐसे महत्वपूर्ण जनपद में सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने और स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने के लिए ओपन थियेटर की स्थापना आवश्यक है। इंजी.दीपक शर्मा ने जिला अधिकारी से मांग की है कि नगर के भीतर किसी उपयुक्त स्थान का चयन कर जल्द से जल्द ओपन थियेटर निर्माण की प्रक्रिया शुरू कराई जाए, ताकि जिले के युवाओं, कलाकारों और सामाजिक संगठनों को अपनी प्रतिभा और विचारों को अभिव्यक्त करने का बेहतर मंच मिल सके।



