नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कैराना। बिजली लाइन का फॉल्ट ठीक करने गए एक बिजली कर्मी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ युवकों ने रास्ता रोककर बिजली कर्मी पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। पीड़ित ने थाना कैराना में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
कस्बा कैराना निवासी मुबारिक पुत्र मुल्की ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 16 मई की रात करीब 10 बजे वह अपने साथी फरमान के साथ पीडब्ल्यूडी कार्यालय के पास बिजली लाइन में आए फॉल्ट को ठीक करने गया था। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद शिव कुमार पुत्र भोपाल, दिनेश पुत्र पूरन, मोनू पुत्र झालू निवासी दरबार कला और उनके अन्य साथियों ने उसकी मोटरसाइकिल रोक ली। पीड़ित का आरोप है कि सभी आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। हमले में उसे गंभीर चोटें आईं, जबकि उसका मोबाइल फोन भी टूट गया। शोर-शराबा होने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घटना के बाद घायल ने थाना कैराना पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


