भीषण गर्मी में बिजलीघर में लगे ट्रांसफॉर्मर को ठंडा करने के लिए लगाए गए कूलर।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हापुड़ (यूपी) – भीषण गर्मी का असर अब बिजली व्यवस्था पर भी दिखाई देने लगा है। जिले में तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने के बाद बिजलीघरों में लगे ट्रांसफॉर्मर तेजी से गर्म हो रहे हैं। ओवरहीटिंग के कारण ट्रांसफॉर्मरों के ट्रिप होने और बिजली आपूर्ति बाधित होने का खतरा बढ़ गया है ।
इसी को देखते हुए बिजली विभाग ने सब-स्टेशनों पर विशेष इंतजाम किए हैं। ट्रांसफॉर्मरों को ठंडा रखने के लिए उनके सामने कूलर लगाए गए हैं, ताकि उपकरणों का तापमान नियंत्रित रखा जा सके और बिजली आपूर्ति सुचारू बनी रहे। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि गर्मी बढ़ने के साथ बिजली की मांग भी लगातार बढ़ रही है, ऐसे में ट्रांसफॉर्मरों पर लोड अधिक पड़ रहा है।
बिजली विभाग का दावा है कि यह व्यवस्था उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति देने और फॉल्ट की समस्या कम करने के उद्देश्य से की गई है। वहीं भीषण गर्मी के चलते लोगों का दिन में घरों से निकलना भी मुश्किल हो रहा है।




